कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए भर्ती : अभ्यार्थियों के एडमिट कार्ड को ही कर्फ्यू पास की मान्यता
बरेली, अमृत विचार। अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे ने रविवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की परीक्षा एक नवंबर, पुलिस उप निरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उप निरीक्षक (लिपिक) एवं पुलिस सहायक उप निरीक्षक (लेखा) के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की परीक्षा दो नवंबर को होगी।
15 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षा के सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जारी निर्देश के अन्तर्गत विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने या कर्फ्यू लगे होने की स्थिति में अभ्यार्थियों के प्रवेश पत्र को ही कर्फ्यू पास की मान्यता दी जाएगी, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। एडीएम सिटी के अनुसार इस संबंध में ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को भी सुस्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
