सुलतानपुर : भूमि विवाद में प्रधान समेत छह पर मारपीट व धमकी का आरोप, अदालत ने मांगी पुलिस रिपोर्ट
सुलतानपुर, अमृत विचार। ग्राम वैनी (लंभुआ) निवासी 75 वर्षीय रघुवीर धुरिया उर्फ रघुवीर सरन ने ग्राम प्रधान संगीता यादव, उनके पति उज्जैन यादव, हल्का लेखपाल संदीप वर्मा, थाना प्रभारी लम्भुआ संदीप राय, एसडीएम लम्भुआ गामिनी सिंगला व अन्य 20 अज्ञात व्यक्तियों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए न्यायालय में अर्जी दाखिल की है।
आरोप है कि वादी की पुश्तैनी भूमि पर न्यायालय द्वारा पारित स्थगन आदेश के बावजूद बीती 21 अक्टूबर की शाम प्रधानपति उज्जैन यादव व अन्य लोगों ने जबरन कब्जे का प्रयास किया और विरोध करने पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। घटना की सूचना 112 नंबर और थाना लम्भुआ पर दी गई, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई।
थाना इंचार्ज पर भी पक्षपात का आरोप लगाते हुए अभियोगी ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजे, पर कार्रवाई न होने से उसने अधिवक्ता अजय त्रिपाठी के जरिए न्यायालय की शरण ली। सीजेएम नवनीत सिंह की अदालत ने मामले में थाना लम्भुआ से रिपोर्ट 6 नवम्बर तक तलब कर सुनवाई के लिए 10 नवम्बर की तारीख नियत की है।
