चक्रवाती तुफान 'मोंथा' ढाएगा कहर... राजधानी समेत कई क्षेत्र में जमकर बरसे मेघ... गिरेगा तापमान

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान

लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी लखनऊ समेत कई क्षेत्र में आज भारी बारिश देखने को मिली। इसकी वजह से मौसम में काफी बदलाव देखने को मिला। सर्द हवाओं के बीच ठंड की दस्तक हो गई है। वहीं उत्तर प्रदेश में अक्टूबर का महीना मौसम को बे-अंदाज करने जाने वाला है। इस दौरान चक्रवात मोंथा के प्रभाव से मौसम बेईमान हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर से आ रही नमी और बंगाल की खाड़ी में बन रहे वेदर सिस्टम के चलते बादलों की सक्रियता बढ़ी है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहन अवदाब तेजी से प्रबल होकर गंभीर चक्रवाती तूफान मोंथा में बदल रहा है। उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए यह आंध्र प्रदेश तट के काकीनाडा के आसपास 28 अक्टूबर की शाम या रात के समय प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंच सकता है। मोंथा चक्रवात का सबसे ज्यादा प्रभाव उत्तर प्रदेश और बिहार में दिखेगा। 29 से 31 अक्टूबर के बीच बिहार से सटे पूर्वांचल के कई जिलों और बुंदेलखंड आदि में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। 30 अक्टूबर को वाराणसी आदि में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
इससे पहले सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान पर बादल छाये रहे, पारे में गिरावट के साथ लखनऊ समेत कई जिलों में बूंदाबांदी हुई। सोमवार शाम तक बांदा में सर्वाधिक 14.6 मिमी और ललितपुर में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम को देखते हुए किसानों ने धान फसल की कटाई तेज कर दी है। किसानों को खड़ी धान की फसल पर पानी पड़ जाने का भय सता रहा है।

फसलों की कटाई और भंडारण को लेकर सतर्क रहें किसान

कुलमिलाकर उत्तर प्रदेश में एक बार फिर करवट ले रहा मौसम आमजन की परेशानी का सबब बन सकता है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ से सक्रिय हो रहे मौसम तंत्रों के चलते अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बेमौसम बारिश तय है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की कटाई और भंडारण को लेकर सतर्क रहें। बेमौसम बारिश से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। वहीं, त्योहारों और छठ पूजा की तैयारियों पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है।

संबंधित समाचार