बाराबंकी में आयोजित होगा भव्य रामपुर महोत्सव: 3 से 12 नवंबर तक श्रद्धा, संस्कृति और सेवा का होगा अनोखा संगम
बाराबंकी, अमृत विचार। रामराम चतुर्भुज महाराज की पावन कर्मस्थली रामपुर धाम इस वर्ष भी श्रद्धा, संस्कृति और जनसेवा के महा उत्सव का साक्षी बनने जा रही है। यहां 3 नवंबर से 12 नवंबर 2025 तक रामपुर महोत्सव बड़े धूमधाम और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियों की बैठक रामपुर धाम परिसर में संपन्न हुई, जिसमें महोत्सव समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्यजन मौजूद रहे। समिति के अध्यक्ष आनंद मोहन ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन पूर्व वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य व ऐतिहासिक स्वरूप में होगा।
यह महोत्सव आध्यात्मिकता, संस्कृति, कला, स्वास्थ्य और खेल भावना का अनूठा संगम बनकर समाज में एकता और जनकल्याण का संदेश देगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लोक नृत्य, जादू और कठपुतली कला प्रदर्शन तथा स्कूली बच्चों के विशेष कार्यक्रम दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस वर्ष के मुख्य आकर्षणों में 5 नवंबर को आयोजित भव्य मेडिकल मेगा कैंप और बॉडीबिल्डिंग शो शामिल हैं।
मेडिकल कैंप में उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के अनुभवी चिकित्सक निःशुल्क परामर्श, स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण और छोटे ऑपरेशन की सुविधा प्रदान करेंगे। वहीं बॉडीबिल्डिंग शो में प्रदेशभर के नामचीन बॉडी बिल्डर्स अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर युवाओं को फिटनेस और अनुशासन का संदेश देंगे। महोत्सव के दौरान रंगोली, चित्रकला, वाद-विवाद, सामान्य ज्ञान, मेहंदी, जल संरक्षण मॉडल, निबंध लेखन और लाइव स्केचिंग जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। अध्यक्ष आनंद मोहन ने बताया कि तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। बैठक में महंत शिव कुमार दास, कोषाध्यक्ष आलोक, ललित, सिद्धार्थ कनौजिया, धर्मेंद्र कुमार, रामवीर, मोहित कुमार, उत्तम सिंह, रवि धीमान, आशुवेंद्र कुमार वर्मा, विनय समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और समिति सदस्य उपस्थित रहे।
