बाराबंकी : ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर युवक से 18 लाख ठगे
बाराबंकी, अमृत विचार। ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक युवक से करीब 18 लाख 45 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने 14 संदिग्ध नंबर उपलब्ध कराते हुए साइबर क्राइम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
साइबर थाना में की गई शिकायत में ग्राम लालू का पुरवा थाना जहांगीराबाद निवासी नितिन कुमार शर्मा ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा वाई 77 ए बारक्लेज नामक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया था।
इस ग्रुप में शेयर मार्केट में निवेश और स्टॉक ट्रेडिंग के नाम पर खरीद-बिक्री के निर्देश दिए जाते थे। पीड़ित ने बताया कि ग्रुप में बताई गई बारक्लेज मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए ट्रेडिंग और धन का लेनदेन किया जाता था।
भरोसा दिलाने के बाद ग्रुप के संचालकों ने नितिन से धीरे-धीरे कर कुल 18,45,357 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो न तो कोई जवाब मिला और न ही पैसा लौटाया गया। इसके बाद व्हाट्सऐप ग्रुप को भी निष्क्रिय कर दिया गया।
नितिन ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने 15 सितंबर को राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को 14 संदिग्ध मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए हैं जिनके जरिए उनसे संपर्क किया गया। साइबर थाना पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
