कानपुर : ट्रैक किनारे मिले शव की शिनाख्त, हत्या का आरोप
कानपुर। सचेंडी में सोमवार पनकी और भाऊपुर रेलवे स्टेशन के बीच सुरार हॉल्ट में ट्रैक किनारे मिले युवक के शव की शिनाख्त मंगलवार को परिजनों ने की। खोजबीन करते मंगलवार शाम पोस्टमार्टम हाउस पहुंची युवक की मां ने उसके हाथ में बने त्रिशूल, डमरू और दो स्टार देखकर पहचान कानपुर देहात के रूरा बनीपारा निवासी 31 वर्षीय अन्नू के रूप में की। मां मनोरमा ने ट्रेन में विवाद के बाद धक्का देकर हत्या का आरोप लगाया है।
उन्होंने बताया कि जयपुर में रहने वाला उनका दामाद हरिओम की शुक्रवार को मौत हो गई थी। वह बेटे अन्नू के साथ वहां गईं थीं। रविवार को वह बेटे के साथ जयपुर से शिकोहाबाद पहुंचीं। शिकोहाबाद से इंटरसिटी से कानपुर सेंट्रल के लिए निकले। उनके अनुसार बेटा शराब पिए था। तभी उसका ट्रेन में शराब पिए तीन-चार लोगों से विवाद हो गया। वह लोग बेटे को दूसरी बोगी में घसीट ले गए और जमकर पीटा। उनके बचाने पर आरोपियों ने भगा दिया।
आरोप है कि मारपीट करने वालों ने पनकी और भाऊपुर के बीच ट्रेन से धक्का देकर बेटे की हत्या की है। सचेंडी थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि युवक का शव रेलवे ट्रैक किनारे मिला है। हादसे में उसके दोनों हाथ कट गए। पुलिस को तलाशी में उसकी जेब से लाइटर, पान-मसाला मिला है। परिजनों ने शिनाख्त की है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
