बिजली कनेक्शन लेना हुआ महंगा, केवल स्मार्ट मीटर की फीस ही है 4000 रुपये, अब 2500 की जगह 8000 मिलेगा अदायगी
अयोध्या, अमृत विचार: उपभोक्ताओं के लिए अब नया बिजली कनेक्शन लेना महंगा हो गया है, क्योंकि अभी तक मीटर व प्रोसेसिंग फीस को मिलाकर नये कनेक्शन के लिए 2500 रुपये विभाग को जमा करने पडते थे, लेकिन अब उपभोक्ताओं को झटपट पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद 8000 रुपये जमा करने पड़ेंगे। इसमें से 6000 रुपये स्मार्ट मीटर की फीस शामिल हैं। वर्तमान में सभी चारों जोन में वर्तमान आवेदकों की संख्या करीब चार हजार है अब इन्हें बढ़ी दरों की अदायगी करनी पड़ेगी।
जिले भर में 3.70 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से करीब 2.90 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं। सभी उपभोक्ताओं के घर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। एक्सईएन प्रथम मनीष चौबे ने बताया कि अब अगर कोई नया बिजली कनेक्शन लेना चाहता है तो झटपट पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन के बाद उपभोक्ता को 8000 रुपये जमा करने पड़ेंगे। फीस जमा करने के बाद सात दिन के अंदर नया बिजली कनेक्शन मिल जाएगा। उन्होंने बताया कि पांच किलोवाट से ऊपर का बिजली कनेक्शन लेने पर उपभोक्ताओं स्मार्ट मीटर का 10 हजार रुपये जमा कराया जाएगा।
किस्तों में भी जमा कर सकते हैं फीस
एक्सईएन प्रथम मनीष चौबे ने बताया कि पुराने बिजली उपभोक्ताओं के घर मुफ्त स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं ने नया कनेक्शन लिया है केवल उन्हीं से स्मार्ट मीटर का फिक्स चार्ज लिया जाएगा। हालांकि स्मार्ट मीटर महंगा है। इसलिए जो उपभोक्ता एक बार में स्मार्ट मीटर का फिक्स चार्ज जमा करने में असमर्थ हैं वह किश्तों में भी जमा कर सकते हैं। विभाग की तरफ से उन्हें पूरी छूट है। छूट का बहुत लाभ नहीं होने वाला है क्योंकि मीटर चार्ज ही छह हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
यह भी पढ़ेंः राष्ट्रपति मुर्मू आज राफेल से भरेंगी उड़ान, लड़ाकू विमान सफर करने वाली बनेंगी दूसरी महिला राष्ट्राध्यक्ष
