पीलीभीत: सराफा दुकान से तिजोरी उखाड़ ले गए चोर, पुलिस की टीमें छानबीन में जुटी
जहानाबाद, अमृत विचार। सर्दी की दस्तक के साथ ही अपराधी भी सक्रिय हो गए हैं। पुलिस गश्त के दावों के बीच सर्राफा दुकान को निशाने पर लेकर वारदात की गई। सूचना मिलने पर पुलिस छानबीन में जुटी है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रमपुरा मिश्र के में चौराहा पर संतोष गंगवार की सर्राफा की दुकान है। रोज की तरह वह मंगलवार देर शाम दुकान बंद कर घर चले गए। इसके बाद रात में चोरों ने दुकान को निशाने पर ले लिया। शटर का लॉक तोड़कर चोर भीतर घुसे और फिर घटना की। दुकान से तिजोरी उठाकर ले गए।
नजदीक के खेत में उसमें से जेवरात निकाले और फिर तिजोरी वहीं खेत पर छोड़ गए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी लगने पर हड़कंप मच गया। जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी की। एसओजी, सर्विलांस टीम भी पहुंच गई। डॉग स्क्वाड और फील्ड यूनिट टीम को भी सुरागरसी के लिए बुलाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीसीटीवी कर दिए ऊपर की तरफ
बताते है कि सराफा दुकान के बराबर में जन सेवा केंद्र संचालित है। उसमें सीसीटीवी भी लगे हुए है। मगर, वारदात करने से पहले चोरों ने इन कैमरों का रुख ऊपर की तरफ कर दिया था। ताकि उनकी तस्वीर कैद न हो। फिलहाल रेकी कर घटना को अंजाम देने की बात प्रतीत हो रही है।
