Bareilly: केसीएमटी में भी छात्राओं को दी ब्रेस्ट कैंसर से बचाव की जानकारी
बरेली, अमृत विचार। पीलीभीत रोड स्थित केसीएमटी काॅलेज में भी नारी कैंसर सुरक्षा अभियान के साथ छात्राओं को ब्रेस्ट कैंसर से बचाव की जानकारी दी गई।
प्रोफेसर डा. अंकिता पांडेय ने बताया कि समय पर जांच और इलाज से कैंसर जैसी बीमारी से पूरी तरह ठीक हुआ जा सकता है। स्तन कैंसर की रोकथाम के लिए महिलाओं को पौष्टिक आहार लेना चाहिए और नियमित व्यायाम करना चाहिए। उन्होंने हर महीने स्वयं परीक्षण करने और 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को नियमित मैमोग्राफी कराने की सलाह दी। कहा कि स्तन में गांठ होने को स्तन कैंसर के सबसे आम लक्षणों में से एक माना जाता है, हालांकि हर बार गांठ होने का मतलब कैंसर ही नहीं है।

कई बार लिंपोमा (वसा का जमाव) भी गांठ बनने का कारण हो सकती है। यह ब्रेस्ट इमेजिंग टेस्ट के माध्यम से पता किया जा सकता है कि गांठ सामान्य है या कैंसर का कारण। शिक्षिका अमिता पाठक ने कहा कि स्तन कैंसर किसी भी अंग में हो सकता है, इसलिए जरूरी है समय-समय पर जांच कराएं ताकि कैंसर जैसे रोग से बचा जा सके। छात्रा रिफा ने कहा कि स्तन ही नहीं किसी भी तरह का कैंसर आज आम बात हो गई है।
कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि सोसाइटी या अन्य कई जगहों पर लोग कैंसर से जुड़े मुद्दे पर बात नहीं करते हैं, जबकि इसको लेकर हर किसी को जागरूक होना जरूरी है। अमृत विचार और रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट के कार्यक्रम की सराहना की। छात्रा सोनालिका ने छात्राओं से अपील कि वह साल में एक बार स्तन कैंसर को लेकर अवश्य जांच कराएं। समय-समय पर रोहिलखंड मेडिकल कालेज की ओर से कैंप लगाया जाता है। आखिरी स्टेज की स्थिति में कैंसर न पहुंचे इसको लेकर जागरूक करने की अपील की।
