बाराबंकी : ई-रिक्शा चार्जिंग को लेकर मारपीट व फायरिंग, तीन घायल
पंप स्वामी, पुत्र समेत तीन पर रिपोर्ट दर्ज
त्रिवेदीगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर ई रिक्शा चार्ज करने का विवाद इस कदर बढ़ा कि कहासुनी के बाद मारपीट हुई और पंप स्वामी के पुत्र ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से घायल एक युवक को ट्रामा सेंटर भेजा गया, जबकि मारपीट में घायल तीन लोगों में पंप स्वामी को जिला अस्पताल भेजा गया। बवाल बढ़ता देख एसपी के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के रायपुर निवासी दीपचंद द्विवेदी मंगलवार देर रात ई-रिक्शा लेकर भिलवल की ओर से लौट रहे थे। बैट्री खत्म होने पर उन्होंने हुसैनाबाद पेट्रोल पंप पर चार्जिंग के लिए चार्जर लगा दिया। इसी बात को लेकर पंप कर्मियों से कहासुनी हो गई।
सूचना मिलने पर पेट्रोल पंप मालिक वीरेंद्र शुक्ला निवासी कैंट लखनऊ अपने पुत्र शशांक शुक्ला व चालक रितिक यादव के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं दीपचंद ने भी अपने परिजनों को बुला लिया। दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई।

मारपीट के दौरान शशांक शुक्ला ने गाड़ी में रखा असलहा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से रायपुर निवासी लवकुश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मारपीट में पंप संचालक वीरेंद्र शुक्ला, शतीश द्विवेदी व दीपेन्द्र घायल हो गए।
पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी त्रिवेदीगंज भेजा, जहां से लवकुश को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ और वीरेंद्र शुक्ला को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सीएचसी परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लोनीकटरा, हैदरगढ़, कोठी और सुबेहा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्य ने बताया कि घायल शतीश द्विवेदी की तहरीर पर पेट्रोल पंप मालिक वीरेंद्र शुक्ला, उनके पुत्र शशांक शुक्ला और चालक रितिक यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
