तू-तड़ाक के बाद ताना थप्पड़, मन नहीं भरा तो डॉक्टर ने निकाला जूता
अयोध्या कार्यालय, अमृत विचार : जिला अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी व ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. फुजैल अंसारी के बीच हुए विवाद के वायरल वीडियो ने हड़कंप मचा दिया है। सात मिनट 22 सेकेंड के वीडियो में आवाज तो स्पष्ट नहीं आ रही है, लेकिन वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले तू-तड़ाक हुई। उसके बाद डॉ. फुजैल आपा खो बैठ और उन्होंने थप्पड़ तानते हुए जूता निकाल लिया।
जिला अस्पताल में एचआईवी जांच की किट मंगाई जानी थी। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. फुजैल अंसारी ने सरकारी गाड़ी की मांग की थी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी का कहना था कि सिर्फ आधा झोला सामान लाना है। उसके लिए बाइक का उपयोग भी किया जा सकता है। डॉ. अजय के मुताबिक वह खुद 100 रुपये दे रहे थे कि किसी कर्मी को बाइक से भेजकर किट मंगा ली जाए। यह बात जब डॉ. फुजैल को पता चली तो वह सीएमएस कार्यालय पहुंच गए। जहां प्रभारी सीएमएस डॉ. राजेश सिंह के सामने बंद कक्ष में डॉ. अजय से तीखी नोकझोंक हुई। वीडियो में डॉ. फुजैल अंसारी के साथ डॉ. सादिक भी बैठे हैं। बातचीत के दौरान डॉ. फुजैल खड़े हो गए। वह डॉ. अजय चौधरी की तरफ थप्पड़ दिखाते हुए बढ़ ही रहे थे कि डॉ. सादिक ने उन्हें पकड़ पीछे की ओर ले गए। डॉ. फुजैल ने आव देखा न ताव पैर से जूता निकाल मारने ही जा रहे थे तभी वह रुक जाते हैं। इसके बाद दो अन्य लोगों की भी ऑफिस में एंट्री होती है। उन्होंने भी डॉ. फुजैल को पकड़ा। हालांकि चिकित्सा अधीक्षक एक ही जगह खड़े रहे। मामले में डॉ. अजय की शिकायत पर प्रभारी सीएमएस की ओर से महानिदेशक को पत्र लिखा गया है। वायरल वीडियो की अमृत विचार पुष्टि नहीं करता है।
सीएमएस चिपके रहे कुर्सी से, एक बार उठे
पूरे वीडियो में साफ दिख रहा है कि डॉ. फुजैल बार-बार हावी हो रहे थे, लेकिन सीएमएस अपनी कुर्सी से चिपके रहे। वह बैठे-बैठे ही विवाद को सुलझा रहे थे। जब जूता उठा तो सीएमएस ने अपनी कुर्सी छोड़ी। उन्होंने फुजैल को कैमरे की तरफ इशारा करते हुए बताया कि सारा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो रहा है। इसके बाद जाकर डॉ. फुजैल शांत हुए।
चिकित्सा अधीक्षक को न्याय की दरकार
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी को न्याय की दरकार है। वह कहते हैं कि डॉ. फुजैल का बरताव असहनीय रहा। मैंने अपने पद की गरिमा का ध्यान रखा। मुझे उम्मीद है कि ऊपर बैठे अधिकारी मुझे जरूर न्याय दिलाएंगे।
जूता उठाया था पर किसी को लगा नहीं: एडी हेल्थ
एडी हेल्थ डॉ.बीके गौतम ने बताया कि मामला महानिदेशक के पास है। सीएमएस की ओर से भेजी गई शिकायत की कॉपी मेरे पास भी आई है। वीडियो को देखकर लग रहा है कि जूता उठाया गया है पर किसी को लगा नहीं है। खैर कोई निर्देश आता है तो कार्रवाई करूंगा।
