Moradabad: जिला अस्पताल में डेंगू-मलेरिया के मरीजों की संख्या बढ़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। एक तरफ स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में संक्रामक रोग नियंत्रण अभियान 5 से 31 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। दूसरी ओर विडंबना यह है कि अभियान के दौरान भी संक्रामक रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। जिला अस्पताल के अलावा निजी अस्पतालों में भी बुखार, डेंगू, मलेरिया के मरीज पहुंच रहे हैं।

जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों फिजिशियन व बालरोग विशेषज्ञ के ओपीडी कक्ष व वार्ड में बुखार जिसमें टायफाइड, डेंगू व मलेरिया, वायरल बुखार के मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। 150-200 ऐसे मरीजों के इलाज के लिए पहुंचने पर उनके लक्षणों को देखते हुए चिकित्सक खून जांच के लिए परामर्श दे रहे हैं। जिसकी जांच के लिए रक्त के नमूने देने के लिए अस्पताल की पैथॉलाजी में इतनी भीड़ लग रही है मानों यहां कोई मेला लगा हो।

 लंबी लाइनों में लंबे इंतजार के बाद सैंपल लिया जा रहा है तो संख्या अधिक होने से जांच रिपोर्ट मिलने में दो से तीन दिन लग रहा है। जिससे इलाज के लिए चिकित्सक को इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं डेंगू के संक्रमित मरीज प्लेटलेट्स के लिए भी ब्लड बैंक के चक्कर काट रहे हैं। जहां समान रक्त ग्रुप का खून न मिलने की वजह से प्लेटलेट्स मिलने में भी संकट हो रहा है।  प्रमुख अधीक्षक संगीता गुप्ता ने बताया कि मरीजों की संख्या इन दिनों अधिक है, फिर भी उन्हें समुचित इलाज दिया जा रहा है। इन दिनों संक्रामक बीमारियों के चलते मरीजों की संख्या बढ़ गई है। 

संबंधित समाचार