UP: किशनपुर सेंचुरी में निशुल्क रहेगी पहली जंगल सफारी, 1 नवंबर से शुरू होगा पर्यटन सत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भानपुर, अमृत विचार। अगर आप प्रकृति की गोद में कुछ पल सुकून से बिताना चाहते हैं या घने जंगलों में दुर्लभ वन्यजीवों को नजदीक से देखने का सपना देख रहे हैं, तो आपका इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। दुधवा टाइगर रिजर्व के भीरा स्थित किशनपुर रेंज में पर्यटन सत्र 1 नवंबर से शुरू हो रहा है। इस अवसर पर परंपरा के अनुसार पहली जंगल सफारी पूरी तरह निशुल्क रहेगी।

किशनपुर रेंज अपनी प्राकृतिक सुंदरता, घने साल के जंगलों और वन्य जीवों की विविधता के लिए प्रसिद्ध है। यहां आने वाले सैलानी न केवल बाघ, बारहसिंगा, तेंदुआ, हाथी, हिरण और विभिन्न प्रकार की तितलियां व पक्षी देख सकते हैं, बल्कि शांत वातावरण में प्रकृति के सान्निध्य का आनंद भी उठा सकते हैं। 

किशनपुर में स्थित प्रसिद्ध झाली ताल सर्दियों में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षियों का ठिकाना बन जाता है, जिससे यह स्थल बर्ड वॉचिंग प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। वन विभाग ने नए पर्यटन सत्र के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। जंगल मार्गों की मरम्मत, सफारी वाहनों की फिटनेस जांच, प्रशिक्षित गाइडों की तैनाती और पर्यटक विश्राम स्थलों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है।

पर्यटन सत्र का उद्घाटन 1 नवंबर को होगा, हालांकि उद्घाटन करने वाले अधिकारी का चयन अभी तय नहीं हुआ है। पहली सफारी निशुल्क रहेगी, जबकि आगे की सफारी पर पूर्व निर्धारित शुल्क ही लागू रहेगा। - मोहम्मद अयूब, वन क्षेत्राधिकारी, किशनपुर रेंज

 

संबंधित समाचार