प्रतापगढ़ : प्रेमिका के घर वालों को फंसाने के लिए फिजियोथेरेपिस्ट ने रची थी लूट की साजिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रानीगंज के लच्छीपुर गांव के पास फिजियोथेरेपिस्ट पर फायर कर हुई लूट का पुलिस ने किया खुलासा

प्रतापगढ़/रानीगंज अमृत विचार। रानीगंज के लच्छीपुर गांव के पास 26 अक्टूबर को फिजियोथेरेपिस्ट पर फायर कर अंगूठी, साढ़े छह हजार रुपये लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेमिका के शादी का दबाव बनाने से परेशान शादीशुदा फिजियोथेरेपिस्ट ने उसके परिजनों को फंसाने के लिए अपने दोस्तों से घटना को अंजाम दिलाया था।

पुलिस ने फिजियोथेरेपिस्ट और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फरार दो की तलाश की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेंद्रलाल ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में पत्रकारों को बताया कि रानीगंज में फिजियोथेरेपी करने वाला लच्छीपुर निवासी आशीष गुप्ता रात करीब साढ़े 9 बजे अपने घर जा रहा था।

गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचने पर सूचना दी कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने उस पर फायर झोंककर उसके साथ लूट की वारदात की है। छानबीन के दौरान घटना संदिग्ध लगी। पुलिस की पूछताछ में वादी ने ही कहानी बयां कर दी। बताया कि उसकी शादी एक साल पहले हुई थी। इस बीच उसकी प्रेमिका भी उस पर शादी का दबाव बनाने लगी।

इससे वह डिप्रेशन में रहने लगा और नींद की गोलियां खाने लगा। उसने अपने दोस्त नगर कोतवाली के पल्टन बाजार निवासी गोलू सिंह उर्फ शेखर से समस्या बताई तो प्रेमिका से पीछा छुड़वाने के लिए उसके साथ लूट और फायरिंग की घटना कराने, युवती के परिजनों को फंसाने का प्लान तैयार किया गया।

गोलू ने ही नगर कोतवाली के सब्जी मंडी निवासी अपने मित्र रुद्रांक्ष उर्फ रुद्रांश और श्याम मिश्र के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। फिजियोथेरेपिस्ट आशीष गुप्ता के साथ ही उसके साथी गोलू सिंह को जेल भेजा जा रहा है। अन्य दोनों की तलाश की जा रही है। इस दौरान सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी,स्वाट टीम एवं रानीगंज पुलिस मौजूद रही।

संबंधित समाचार