सुलतानपुर : शहर की कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम, गोमती नदी पर बनेगा दो लेन पुल, विधायक विनोद सिंह ने किया भूमि पूजन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुल के निर्माण कार्य का भूमि पूजन करते विधायक विनोद सिंह, जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी व चेयरमैन प्रवीन अग्रवाल

सुलतानपुर, अमृत विचार। आधुनिक भारत के निर्माता सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर जनपद सुलतानपुर को एक बड़ा विकास उपहार मिला है। इस खास दिन गोमती नदी के गोलाघाट पर बनने वाले दो लेन पुल का भूमि पूजन व शिलान्यास धूमधाम से किया गया। 

कार्यक्रम में सुलतानपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी व नगर पालिका परिषद के चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल के साथ फीता काटकर व शिलापट का अनावरण करते हुए निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। बताया गया कि इस पुल के निर्माण पर लगभग 37.63 करोड़ (3763.10 लाख) रुपये की लागत आएगी। 

विधायक विनोद सिंह ने कहा कि “सरदार पटेल ने जैसे भारत को एकता के सूत्र में पिरोया था, वैसे ही यह पुल सुलतानपुर के विकास को जोड़ने वाला सेतु बनेगा। यह केवल सड़क नहीं, बल्कि नए सुलतानपुर की मजबूत नींव है।”

उन्होंने बताया कि पुल के बनने से अयोध्या, प्रयागराज और लखनऊ जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। शहर से सीधी कनेक्टिविटी होने से व्यापार, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं में नई संभावनाएं खुलेंगी। 

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा निषाद, सभासद रमेश सिंह टिन्नू, प्रवीण मिश्र, दिनेश चौरसिया, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, कोषाध्यक्ष पूजा कसौधन, उपाध्यक्ष आनंद द्विवेदी, नगर अध्यक्ष रीना जायसवाल, भाजपा नेता डॉ. डीएस मिश्रा, कूरेभार ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नवनीत सिंह सोनू, मोतिगरपुर ब्लॉक प्रमुख चंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी व आमजन मौजूद रहे।

संबंधित समाचार