बाराबंकी : ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
बाराबंकी, अमृत विचार। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ, नई दिल्ली के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील पाण्डेय के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के शिक्षकों ने गन्ना दफ्तर परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में आयोजित इस आंदोलन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह ने किया।
शिक्षकों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री व बेसिक शिक्षा मंत्री को सौंपा। डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि विभागीय अधिकारी शिक्षकों पर परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य करने का अनुचित दबाव बना रहे हैं, जो पूरी तरह अव्यवहारिक है। उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा इस समस्या पर संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव एवं शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संगठन के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता कराई गई थी।
उस बैठक में ऑनलाइन हाजिरी से जुड़ी कठिनाइयों को विस्तार से रखा गया था, जिसके बाद शासन स्तर से इस पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। शिक्षक नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं और समस्याओं का स्थायी निवारण नहीं होता, शिक्षक-शिक्षिकाएं ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगाएंगे।
धरना-प्रदर्शन में जिला मंत्री उमानाथ मिश्र, जिला कोषाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र द्विवेदी, महिला उपाध्यक्ष किरण विश्वकर्मा, जिला संयुक्त मंत्री सुनील त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. आलोक शुक्ल, अनवार अहमद, श्याम किशोर बाजपेई, विवेक गुप्ता, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, ललित वर्मा, जिला संगठन मंत्री मो. आसिम, विश्वजीत सिंह, रवि भदौरिया, जिला मीडिया प्रभारी जय कुमार सहित सभी ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद प्रताप सिंह, हनुमंत अवस्थी, दिलीप कुमार तिवारी, राजेश सिंह, शिव कृष्ण सिंह, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, ब्लॉक मंत्री पवन मिश्र, कुलदीप मिश्र, ओंकार वर्मा, आदर्श पाण्डेय, अब्दुल माजिद, रवि शंकर जोशी, अरुणेंद्र दीक्षित, अयोध्या प्रसाद, भानु मिहिर, शरद चंद्र, अमित जायसवाल, अरुण त्रिपाठी, मोहम्मद जबीर, प्रमोद कुमार, मयाराम सरोज, पूनम सिंह सहित सैकड़ों शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
