Bareilly: अमेरिका के व्यापारियों ने छूट पर मांगा जरी का माल, 50 फीसदी कारोबार लुढ़का

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। भारत पर लागू हुए 50 प्रतिशत ट्रंप टैरिफ ने जरी कारोबार को तगड़ा झटका दिया है। टैरिफ लागू हुए दो माह से अधिक समय गुजरने के बाद भी जरी कारोबार से संकट के बादल नहीं छंटे हैं। अमेरिका के व्यापारियों ने टैरिफ लागू होने पर दिल्ली के बड़े जरी कारोबारियों से जब 25 प्रतिशत छूट पर माल मांगा, जिस पर कारोबारियों ने नुकसान होने का हवाला दिया। इससे अमेरिका, कनाड़ा सहित कई देशों में जरी माल की सप्लाई आधी रहने से बरेली के जरी कारोबारियों को नुकसान हुआ है, जो कारोबारी हर माह 10 से 15 लाख का बिजनेस कर रहे थे, वे आधा बिजनेस भी नहीं कर पा रहे हैं।

जिले में जरी कारोबार से करीब दो लाख कारोबारी प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं। इसमें सैकड़ों की संख्या में कारीगर भी शामिल हैं। कई कारोबारियों ने बताया कि जब से ट्रंप टैरिफ लागू हुआ है, जरी कारोबार में बड़ा नुकसान हो रहा है। विदेशों में माल की सप्लाई आधी रह गई है। दो माह पहले अगस्त में जब टैरिफ लागू हुआ तो दिल्ली से माल मंगाने वाले अमेरिका के व्यापारियों ने अपने फायदे के लिए 25 प्रतिशत छूट पर माल मांगा। काफी माल दिल्ली के व्यापारियों ने घाटा सहते हुए भेजा, लेकिन ज्यादा नुकसान होने पर छूट पर माल देने में असमर्थता जताई। इस पर अमेरिका ने माल की डिमांड बंद कर दी। दिल्ली से सप्लाई बंद होने का असर बरेली पर भी पड़ा।

शहामतगंज रोड के जरी कारोबारी लईक ने बताया कि जरी प्रोडक्ट की सप्लाई नाममात्र की रह गई है, अमेरिका के कारोबारियों ने छूट पर माल नहीं मिलने पर मांग भेजनी बंद कर दी है। पहले हर महीने बरेली से जरी के करीब 25 लाख पीस दिल्ली के जरिए अमेरिका समेत कई देशों में भेजे जाते थे, लेकिन टैरिफ के बाद से प्रोडक्ट की मांग आधी हो गई। अब 12 लाख पीस भी नहीं जा पा रहे हैं। अमेरिका में जरी प्रोडक्ट की मांग खूब है, लेकिन टैरिफ ने कारोबारियों को नुकसान पहुंचाया है।

संबंधित समाचार