UP: अवैध संबंधों के चलते की गई थी आशीष की हत्या...पांच आरोपी भेजे गए जेल
बीसलपुर, अमृत विचार। आशीष हत्याकांड का बीसलपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्या के पीछे एक आरोपी की पत्नी से मृतक के संबंध को वजह बताया गया है। पुलिस ने हत्या करने में इस्तेमाल डंडा, सरिया आदि भी बरामद कर लिया है।
बता दें कि दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ढकिया रंजीत निवासी 24 वर्षीय आशीष कुमार गंगवार 26 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे बीसलपुर गए थे और वापस नहीं लौटे। दूसरे दिन 27 अक्टूबर को उसका शव बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में केकेएस विद्या मंदिर स्कूल के पास नहर किनारे पड़ा मिला था। पत्नी अनामिका की ओर से पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ नामजद हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल की और हत्या की गुत्थी सुलझ गई।
हत्या के पीछे वजह एक आरोपी के परिवार की महिला से संबंध होना निकला। पुलिस ने इस मामले में बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी अतुल उर्फ छोटू पुत्र पुत्तूलाल, मोहल्ला पटेल नगर निवासी मनोज पुत्र राजपाल, धीरेंद्र प्रताप गंगवार उर्फ क्लिंटन पुत्र मंगलसेन, रजत मिश्रा उर्फ सौरभ पुत्र राजबहादुर और रामू राठौर पुत्र राजपाल को भड़रिया मोड़ के पास से गिरफ्तार कर रविवार को भेज दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर लकड़ी का डंडा , सरिया आदि भी बरामद किया गया।
पहले पिलाई शराब, फिर किए ताबड़तोड़ वार
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में हत्या की पूरी बात कबूल की है। आरोपी अतुल उर्फ छोटू की पत्नी के मृतक आशीष कुमार से संबंध हो गए थे। जिसे लेकर हत्या की प्लानिंग कर ली गई थी। उसी के तहत 26 अक्टूबर को आरोपी अतुल ने अपने साथियों की मदद से पहले आशीष को साथ बैठाकर पहले जमकर शराब पिलाई। इसके बाद लाठी डंडे और लोहे की सरिया से वार करके हत्या कर दी गई थी। शव को छिपाने के उद्देश्य से घटनास्थल पर फेंक दिया गया था।
