बाराबंकी : तीन घंटे में जारी हुआ 10 माह से लंबित मृत्यु प्रमाण पत्र, जानिये कैसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मसौली, बाराबंकी, अमृत विचार : तहसील दिवस में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन के हस्तक्षेप के बाद मात्र तीन घंटे में मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। मामला विकास खंड मसौली की ग्राम पंचायत उधौली के मजरे सेमरहा निवासी रामविलास यादव का था, जो करीब दस माह से अपनी माता का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे। फरियादी रामविलास यादव ने तहसील नवाबगंज में आयोजित तहसील दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन से शिकायत की कि उनकी माता कौशिल्या देवी का निधन 10 सितंबर 2002 को हो चुका है।

उन्होंने 10 जनवरी 2025 को उपजिलाधिकारी को नोटरी शपथ पत्र सहित आवेदन दिया था, लेकिन पंचायत सचिव द्वारा आधार कार्ड और निर्वाचन कार्ड की मांग के चलते प्रमाण पत्र नहीं बन सका। शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

 मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन ने तत्काल खंड विकास अधिकारी मसौली संदीप कुमार श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि उसी दिन मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जाए और लापरवाही पर संबंधित सचिव के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी। सीडीओ के निर्देश के बाद बीडीओ संदीप कुमार श्रीवास्तव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी नवाबगंज और एडीओ पंचायत जानकीराम की रिपोर्ट लगवाकर मात्र तीन घंटे में मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करा दिया। मां का मृत्यु प्रमाण पत्र मिलने पर रामविलास यादव ने अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें : बाराबंकी : विशेष मतदाता पुनरीक्षण में ताकत झोंकेगी भाजपा, तैयारी बैठक में सौंपी गई जिम्मेदारी

संबंधित समाचार