UP: 36 घंटे से पिंजड़े में कैद तेंदुआ को पीटीआर में छोड़ा गया...तीन के खिलाफ केस
पीलीभीत, अमृत विचार। फंदे में फंसने के बाद रेस्क्यू किए गए तेंदुआ को आखिकार 36 घंटे बाद पिंजड़े से आजादी मिल गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तेंदुआ को पीलीभीत टाइगर रिजर्व के जंगल में छोड़ दिया गया। इधर इस मामले में सामाजिक वन प्रभाग की ओर से दो नामजद समेत अज्ञात के विरुद्ध विभागीय केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
बीते शनिवार सुबह मरौरी ब्लाक के गांव लदपुरा के समीप एक तेंदुआ लोहे के तार के बने फंदे में फंस गया था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी। जिसके बाद सामाजिक वानिकी प्रभाग के डीएफओ भरत कुमार डीके टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। तेंदुआ को रेस्क्यू करने का प्रयास किया गया, मगर टीम सफल नहीं हो सकी। इस पर डीएफओ ने मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए तेंदुआ का ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू करने की अनुमति मांगी थी।
शासन से अनुमति मिलने के बाद ट्रेंकुलाइज एक्सपर्ट डॉ. दक्ष गंगवार की मदद से फंदे में फंसे तेंदुआ को ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू कर लिया गया था। इसके बाद रेस्क्यू किए गए तेंदुआ को सामाजिक वानिकी प्रभाग मुख्यालय लाकर निगरानी में रखा गया था। तेंदुआ के रेस्क्यू किए जाने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई थी। तेंदुआ को छोड़ने के संबंध में उच्चाधिकारियों के आदेश का इंतजार किया जा रहा था।
इधर घटना के दूसरे दिन भी सामाजिक वानिकी प्रभाग फंदे की गुत्थी को नहीं सुलझा सका। हालांकि रेंज कार्यालय में इस मामले में दो नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वन अफसरों का कहना है कि इस मामले में जांच जारी है। इधर उच्चाधिकारियों ने रेस्क्यू किए गए तेंदुआ को पीलीभीत टाइगर रिजर्व में छोड़े जाने के निर्देश दिए। जिसके बाद रविवार शाम को सामाजिक वानिकी प्रभाग के डीएफओ भरत कुमार डीके के नेतृत्व में वनकर्मियों की टीम ने तेंदुआ को पीलीभीत टाइगर रिजर्व में जंगल में छोड़ दिया। इस दौरान सामाजिक वानिकी प्रभाग पीलीभीत रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी विनीत प्रकाश, डिप्टी रेंजर शेर सिंह, वन दरोगा नवीन बोरा समेत अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।
डीएफओ, सामाजिक वानिकी प्रभाग भरत कुमार डीके ने बताया कि। रेस्क्यू किए गए तेंदुआ को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पीलीभीत टाइगर रिजर्व में रिलीज किया गया है। इस मामले में विभागीय केस दर्ज करने के साथ छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
