कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू तट पर होगा लाखों श्रद्धालुओं का जमावड़ा: 35 घंटे बंद रहेगा हाईवे, इन रास्तों पर डायवर्जन लागू 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार: अयोध्या के प्रसिद्ध कार्तिक पूर्णिमा एवं परिक्रमा मेले के दो पर्व सकुशल निपट गए। अब जिला प्रशासन ने सबसे महत्वपूर्ण पूर्णिमा मेले की तैयारी शुरू कर दी है। इसमें अयोध्या के पवित्र सरयू में स्नान के लिए लाखों श्रद्धालुओं का जमावड़ा सरयू तट पर होगा। इसी लिहाज से व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

खराब मौसम के बावजूद अयोध्या का प्रसिद्ध 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा सकुशल निपट गई।प्रशासन के अफसरों ने राहत की सांस ली। अब कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारी है। प्रशासन से जारी कार्यक्रम के मुताबिक कार्तिक पूर्णिमा मेले का मुख्य स्नान पर्व चार नवंबर को रात्रि 21:07 बजे से पांच नवंबर शाम 6:42 बजे संपन्न होगा। यह इस मेले का महत्वपूर्ण पर्व है। जिसमें डेढ़ किमी की परिधि में लाखों श्रद्धालुओं का जमावड़ा होता है। 

सरयू में स्नान के बाद श्रद्धालु मठ मंदिरों में दर्शन पूजन करते हैं।ऐसे में पूरी अयोध्या भीड़ से अट जाती है। इसलिए व्यवस्थाएं भी मजबूत करनी होती है। जिला प्रशासन ने स्नान पर्व को लेकर तगड़ी व्यवस्था की है। डायवर्जन के साथ ही शांति व सुरक्षा के साथ नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

घाट से लेकर महत्वपूर्ण भीड़ भाड़ वाले मठ मंदिरों को जोनल व सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अफसरों की तैनाती की गई है। मेला क्षेत्र को चार जोन में बांटकर सुपर जोनल, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। 

घाट जोन, नागेश्वर नाथ जोन, हनुमानगढ़ी जोन, कनक भवन जोन के साथ यातायात को लेकर बड़ी व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही गुप्तार घाट को अलग से जोन बनाया गया है। कुल लगभग 60 से ज्यादा मजिस्ट्रेट और उनके साथ पुलिस अफसर लगाए गए हैं।

पीने के पानी, प्रकाश, सफाई, मे आई हेल्प यू सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई है। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधा के मद्देनजर एंबुंलेस के साथ डाक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ को लगाया गया है। बनाए गए कंट्रोल रूम में शिफ्ट वार डियूटी के साथ मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।

अपर जिलाधिकारी नगर व मेलाधिकारी योगानंद पांडेय ने बताया कि स्नान पर्व को लेकर व्यापर व्यवस्थाएं की गई है। जिससे सरयू स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न होने पाए।

अन्य रुट पर किया जाएगा डायवर्ट किये गए भारी मालवाहक वाहन 

चौदह कोसी व पंचकोसीय परिक्रमा में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने कार्तिक पूर्णिमा मेले पर हाईवे व अयोध्या धाम में डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। प्रशासन द्वारा जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार चार नवंबर की दोपहर 12 बजे से पांच नवंबर की रात 11 बजे तक या भीड़ रहने तक हाईवे पर सभी प्रकार के मालवाहक वाहन जैसे ट्रक, डीसीएम व ट्रैक्टर आदि का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को डायवर्ट कर अन्य मार्ग से गंतव्य को भेजा जाएगा। एसपी यातायात एपी सिंह ने बताया कि यह डायवर्जन श्रद्धालुओं व आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों पर लागू नहीं होगा।

हाईवे पर इस तरह रहेगा डायवर्जन

-सुल्तानुपर से आने वाले वाहनों को कूड़ेभार से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

-रायबरेली से आने वाले वाहनों को हलियापुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

-आजमगढ़, अम्बेडकरनगर से आने वाले वाहनों को गोहन्ना मोड़ अम्बेडकरनगऱ से दोस्तपुर होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गन्तव्य को भेजा जाएगा।

-बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहनों को भिटरिया रामसनेही घाट से हैदरगढ़ से पूर्वाचल एक्प्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

-जनपद बस्ती की ओर से आने वाले वाहनों को लोलपुर से नवाबगंज गोंडा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

-जनपद गोण्डा की ओर नवाबगंज से आने वाले वाहनों को लकड़मंडी से लोलपुर से बस्ती की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

-जनपद गोरखपुर से वाहनों का डायवर्जन-गोरखपुर से लिंक एक्सप्रेस-वे होकर पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर किया जाएगा।

-जनपद गोरखपुर-संतकबीरनगर-बस्ती से आने वाले वाहनों को फुटहिया चौकी थाना-नगर से कलवारी से टांडा से अकबरपुर, यहां से दोस्तपुर होकर पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

-गोरखपुर, संतकबीरनगर, बांसी, मेहदावल, डुमरियागंज, उतरौला, बलरामपुर, गोण्डा से आने वाले वाहन जरवल रोड तिराहा से वापस आकर बहराइच की ओर जाकर टिकोरा मोड़ से चहलरी घाट रोड होते हुए सिधौली सीतापुर-लखनऊ मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।

-जनपद बलरामपुर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले वाहनों को टिकोरा मोड़ से चहलरी घाट रोड होते हुए सिधौली सीतापुर-लखनऊ मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।

-जनपद कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को कानपुर, उन्नाव, मौरावां, मोहनलालगंज, गोसाईगंज, चांद सराय से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

-जनपद लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहनों को मोहान, जुनाबगंज, से मोहनलालगंज से गोसाईगंज से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

-जनपद सीतापुर, शाहजहांपुर, से आने वाले वाहनों को आईआईएम रोड दुबग्गा से आलमबाग, नहरिया से शहीदपथ होते हुए अहीमामऊ से होते हुए पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

अयोध्या धाम में वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक

कार्तिक पूर्णिमा मेला पर अयोध्या में किसी प्रकार के वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। स्थानीय लोगों को पहचान पत्र दिखाकर दो पहिया वाहन से आने-जाने की अनुमति दी जाएगी। इसको लेकर यातायात पुलिस ने अयोध्या धाम में भी अंदरूनी डायवर्जन लागू किया है। यह डायवर्जन चार नवंबर की रात 12 बजे से मेला व भीड़ समाप्ति तक लागू रहेगा। यह प्रतिबंध आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों पर लागू नहीं होगा।

शहर में इस तरह रहेगा डायवर्जन

-लकड़मंडी चौराहा बैरियर : लता मंगेशकर चौक व घाट पर स्नानार्थियों व श्रद्धालुओ की भीड़ होने के कारण गोंडा की ओर से पुराना सरयू पुल होकर आने वाले सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन लोलपुर (गोण्डा) बाईपास होकर अपने गन्तव्य को जाएंगे।

-साकेत पेट्रोल पंप बैरियर : नयाघाट, लता मंगेशकर चौक पर भीड़ होने के कारण सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। साकेत पुल के बाएं, दाहिने खाली मैदान, बैकुण्ठ धाम के बगल खाली स्थान, बालूघाट के बगल मल्टीलेवल पार्किंग व सूर्या पैलेस के बगल खाली स्थान पर बनी पार्किंग में वाहन खड़े होंगे।

-हनुमान गुफा चौराहा बैरियर : हनुमान गुफा से नयाघाट, लता मंगेशकर चौक की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। फटिकशिला आश्रम के बगल व हनुमानगुफा चौराहे के बगल पार्किंग में वाहन खड़े होंगे।

-रामघाट चौराहा बैरियर : तपस्वी छावनी से रामपथ की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन कांशीराम कालोनी परिक्रमा मार्ग से अपने गन्तव्य को जाएंगे। यहां बड़ा भक्तमाल की बगिया के खाली मैदान पर वाहन खड़े होंगे।

-दीनबन्धु नेत्र चिकित्सालय बैरियर : छोटी छावनी से रामपथ पर की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन कांशीराम कालोनी परिक्रमा मार्ग से अपने गन्तव्य को जाएंगे।

-विद्याकुण्ड बैरियर : जैन मन्दिर से होकर रामपथ की ओर आने वाले समस्त प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन आसिफबाग, लंगड़वीर चौराहा होते हुए अपने गन्तव्य को जाएंगे।

-उदया चौराहा बैरियर : टेढ़ी बाजार की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के चार पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन उदया फ्लाईओवर होकर अपने गन्तव्य को जाएंगे। वाहन गैस गोदाम तिराहा के बगल उदया पार्किंग में खड़े होंगे।

-रानोपाली तिराहा बैरियर : टेढ़ीबाजार की तरफ आने वाले सभी प्रकार के दो पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन रानोपाली क्रासिंग होते हुए लंगड़वीर चौराहा होकर अपने गंतव्य को जाएंगे।

-टेढ़ी बाजार चौराहा बैरियर : श्रीराम अस्पताल की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन लंगड़वीर फ्लाईओवर होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। वाहन अरूंधति मल्टीलेवल पार्किंग-1 व 2 में खड़े होंगे।

-चूड़ामणि चौराहा बैरियर : टेढ़ी बाजार चौराहा की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन आसिफबाग व गैस गोदाम होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।

-गैस गोदाम (परिक्रमा मार्ग) बैरियर : कांशीराम कालोनी, चक्रतीर्थ, राजघाट चौराहा की तरफ सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वाहन उदया फ्लाईओवर होकर अपने गन्तव्य को जाएंगे।

 

ये भी पढ़े :
चित्रकूट में बड़ा सड़क हादसा : बस और जीप की टक्कर में 3 भाइयों की मौत, 5 अन्य लोग घायल

संबंधित समाचार