बिहार : सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, कहा- गरीबों का राशन राजद-कांग्रेस के शासन में लूटा गया
दरभंगा : राहुल, तेजस्वी और अखिलेश बिहार में अपराधियों को गले लगा रहे हैं और घुसपैठियों को राज्य की सुरक्षा से समझौता करने की अनुमति दे रहे हैं, यही नहीं बिहार में गरीबों के लिए उपलब्ध कराए गए राशन को राजद-कांग्रेस के शासन में लूटा गया है। यह बातें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दरभंगा में आयोजित चुनावी रैली में विपक्ष पर हमला बोलते हुये कही हैं।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सोमवार को बिहार के चार जिलों दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सारण और पटना के दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा एकदिवसीय है जहां वह चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में पहले चरण का मतदान छह नवंबर को होना है, ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोमवार को यहां पर चार चुनावी जनसभाएं रखी गई है। मुख्यमंत्री ने दिन की शुरुआत सुबह 9 बजे अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग, लखनऊ में सूचना विभाग की बैठक से किया। इसके बाद वे सुबह 9:15 बजे कार द्वारा अमौसी एयरपोर्ट के लिए रवाना हुये। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 9:40 बजे विशेष वायुयान से लखनऊ से बिहार के लिए प्रस्थान किया। मुख्यमंत्री का बिहार आगमन सुबह 10:40 के करीब हुआ है। यहां दरभंगा में उन्होंने जनता को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला है। इसके बाद मुजफ्फरपुर, सारण और पटना जिलों में रहकर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का लखनऊ लौटने का समय शाम 5:25 बजे निर्धारित है। वे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने के बाद 5:30 बजे अपने आवास 5, कालिदास मार्ग लौटेंगे।
