यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटा जिला प्रशासन: डीएम की अध्यक्षता में बनेगी सत्यापन समितियां, जारी की गई समय सारणी 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार : माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षक को नवम्बर में होने वाले विभिन्न कार्यों की पूरी समय सारणी भेज दी है। इस बार परीक्षा केंद्रों का निर्धारण पूरी तरह से आनलाइन होगा। गत वर्ष जिले में 461 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे इस बार यह संख्या बढ़ सकती है। परीक्षा केंद्रों का आनलाइन निर्धारण शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए किया जा रहा है।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति और तहसील स्तरीय सत्यापन समितियां पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगी। सभी विद्यालयों, छात्रों, अभिभावकों और प्रबंधकों से अपील की गई है कि निर्धारित समयसीमा में ऑनलाइन भागीदारी सुनिश्चित करें और कोई आपत्ति या सुझाव पोर्टल पर समय से दर्ज करें। जिला स्तर पर बोर्ड परीक्षा के लिए आठ सदस्यों वाला पैनल बनाया जाएगा। यह पैनल आगामी दिनों में जिला और तहसील स्तरीय समितियों से समन्वय बना कर बोर्ड परीक्षा की तैयारी कराएगा।

बोर्ड परीक्षा की चरणबद्ध प्रक्रिया

10 नवंबर तक - विद्यालयों से भौतिक संसाधनों (कक्षाएं, फर्नीचर, सीसीटीवी आदि) का विवरण ऑनलाइन अपलोड
-17 नवंबर तक - तहसील स्तरीय समिति से भौतिक सत्यापन।

-24 नवंबर तक - सत्यापित रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड।
-27 नवंबर तक - परिषद द्वारा चयनित केंद्रों की प्रारंभिक सूची जारी।

-28 नवंबर - डिबार और अनर्ह विद्यालयों की सूची प्रदर्शित।
-4 दिसंबर तक - आपत्तियां/प्रत्यावेदन ऑनलाइन दर्ज करने की अंतिम तिथि।

-11 दिसंबर तक-जिला विद्यालय निरीक्षक से आपत्तियों का निस्तारण
-17 दिसंबर तक - अनुमोदित केंद्र सूची वेबसाइट पर अपलोड

-22 दिसंबर तक - पुनः आपत्ति दर्ज करने की सुविधा।
-30 दिसंबर तक- अंतिम परीक्षा केंद्रों की सूची होगी जारी

DIOS डॉ पवन कुमार तिवारी ने बताया कि यह प्रक्रिया बोर्ड परीक्षाओं को नकल-विहीन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह नई व्यवस्था पिछले वर्षों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए लागू की जा रही है, जिससे परीक्षा केंद्रों का चयन निष्पक्ष और तकनीकी रूप से मजबूत हो।

ये भी पढ़े :
चित्रकूट में बड़ा सड़क हादसा : बस और जीप की टक्कर में 3 भाइयों की मौत, 5 अन्य लोग घायल

संबंधित समाचार