Bareilly: वायरल बुखार की मार के साथ डेंगू ने भी पकड़ी रफ्तार
बरेली, अमृत विचार। मौसम में बदलाव से वायरल बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में आने वाले अधिकांश मरीज बुखार की चपेट में मिल रहे हैं। इसके साथ ही डेंगू और मलेरिया के मामलों भी आ रहे हैं। इमरजेंसी वार्ड में आए चार मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है और तीन मरीज मलेरिया से ग्रसित मिले हैं।
डेंगू मरीजों को डेंगू वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। इन मरीजों में एक बुजुर्ग शामिल हैं। वहीं एक महिला समेत तीन मरीज मलेरिया भी ग्रसित मिले हैं। डेंगू मलेरिया-मरीजों के लिए बना वार्ड भी फुल हो गया है। बीते 24 घंटे में चार मरीजों में डेंगू की पुष्टि होने से अफसरों में भी खलबली मच गई है। प्रबंधन अब मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बेड बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। वार्ड में तीन अतिरिक्त बेड बढ़ाए जाएंगे।
दो हजार के करीब मलेरिया का आंकड़ा
जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि जिले में जनवरी से अब तक कुल मलेरिया के 1926 मरीज सामने आ चुके हैं हालांकि 36 मरीज डेंगू की चपेट में मिले हैं। बताया कि बीते वर्षों की तुलना में इस वर्ष संचारी रोग से ग्रसित मरीजों की संख्या काफी कम है। लोगों से अपील है कि मलेरिया डेंगू से बचाव करते रहें।
