लखनऊ में अब पार्किंग की नहीं होगी दिक्कत: शहर के 78 स्थानों को हरी झंडी, जनता को मिलेगी राहत
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी में पार्किंग की समस्या को कम करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए नगर निगम ने शहर के 78 स्थानों पर खुले में सुविधाओं सहित पार्किंग की अनुमति दे दी है। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त गौरव कुमार की अध्यक्षता में हुई पार्किंग प्रबंधन समिति की बैठक में प्रस्तावित सभी स्थलों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में रीजनल सेंटर फॉर अर्बन एंड एनवायरनमेंटल स्टडीज (आरसीयूईएस) ने शहर में किए गए पार्किंग सर्वेक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट के अनुसार कुल 78 स्थानों को पार्किंग स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। यह सूची पार्किंग नियमावली 2025 में निर्धारित पार्किंग क्षमता निर्धारण प्रणाली के आधार पर तैयार की गई है। समिति ने इन स्थलों पर पार्किंग क्षमता के अनुसार टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की अनुमति दी और न्यूनतम आरक्षित मूल्य को उचित माना।
निविदा जारी करने से पहले सभी पार्किंग स्थलों पर छाया, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होंगी। समिति ने यह भी निर्णय लिया कि लाइसेंस फीस में पांच प्रतिशत से कम वृद्धि किसी भी स्थिति में नहीं की जाएगी और पार्किंग नियमावली 2025 में निर्धारित शुल्क दरें ही लागू होंगी।
बैठक में अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अशोक कुमार सिंह, एडीएम सिटी ईस्ट महेंद्र पाल सिंह, एआरटीओ, एलडीए, पीडब्ल्यूडी, यूपीएमआरसी, सेतु निगम, एनएचएआई और नगर निगम के सभी जोन के नगर अभियंता मौजूद रहे।
