कार्तिक पूर्णिमा : लाखों श्रद्धालुओं ने रामगंगा में लगाई आस्था की डुबकी...चौबारी मेले में उमड़ा हुजूम
बरेली, अमृत विचार। कार्तिक पूर्णिमा पर रामगंगा चौबारी मेले में बुधवार को श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा। घाटों पर श्रद्धा और उल्लास का संगम दिखा। लाखों श्रद्धालुओं ने रामगंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य कमाया। हर-हर गंगे के जयकारों से घाट गूंजते रहे। दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की।
मंगलवार शाम ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, कारों व अन्य वाहनों से घाटों के किनारों पर पहुंच गए और मेले में टेंट लगाए। तड़के शुभ मुहूर्त में श्रद्धालुओं ने गंगा घाट पर स्नान शुरू कर दिया। कुछ ही घंटों के बाद घाटों पर इस कदर भीड़ बढ़ गई कि पैर रखने की जगह नहीं दिख रही थी। श्रद्धालुओं के लिए दो घाट तैयार किए गए थे। एक रामगंगा और दूसरा अंगूरी घाट। दिन में धूप खिली रही, जिससे ठंड महसूस नहीं हो रही थी। घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे।
मेले में तंबुओं का शहर
चौबारी मेले में तबुंओं का शहर नजर आया। श्रद्धालुओं के टेंटों में खान-पान की पूरी व्यवस्था थी। वे अपने साथ खाना बनाने के सामने के साथ पानी टंकी भी लेकर पहुंचे थे। कुछ लोग मिट्टी तो कुछ गैस के चूल्हे पर खाना बना रहे थे। पीलीभीत के जिले के अशोक ने बताया कि वह परिवार के साथ यहां पहुंचे हैं। वह शुक्रवार को घर जाएंगे।
घाट पर बच्चों के मंडन करवाए
रामगंगा घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने स्नान कर मां गंगा को प्रसाद चढ़ाकर पूजा अर्चना की। महिलाओं ने बच्चों के घाट के किनारे मुंडन करवाए। गोस्वामियों से लोगों ने सत्यनारायण की कथा और हवन भी करवाए। घाट पर कन्या भोज भी कराया गया। श्रद्धालुओं ने ढाक भी बजवाई।
सड़कों पर भीषण जाम, परेशानी से जूझे लोग
सुबह से शाम तक रामगंगा जाने वाले मार्ग पर भीषण जाम रहा। करगैना पर बने गेट के पास से ऑटो और ई रिक्शा को पुलिस ने रोक दिया था। उसके बाद भी लोग पैदल गंगा घाट पर जा रहे थे। मार्ग पर कार व बाइकें की वजह से जाम के हालात बन रहे। महेश पुरा फाटक से रामगंगा पुल तक पूरे दिन वाहन रेंगते रहे। पुलिस के साथ एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान खुद भी यातायात व्यवस्था को संभालते दिखे।
पुलिस के साथ गोताखोर भी रहे अलर्ट
घाटों पर पुलिस मुस्तैद रही। मंगलवार आधी रात के बाद से श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाने पहुंचने लगे थे। पुलिस लोगों को खतरे वाले जलस्तर की ओर जाने से रोकती रही। पीएसी के गोताखोर वोट से रामगंगा में गश्त देते रहे।
रामगंगा में वोटिंग का लिया आनंद
राम गंगा में डुबकी लगाने के बाद लोगों ने वोटिंग का भी आनंद लिया। परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने वोट पर बैठकर घूमे। एक दूसरे साथ सेल्फी भी लेते रहे। लोगों में पुल के नीचे फोटो लेना का क्रेज दिखा।
खोए बच्चों को परिजनों से मिलवाया
रामगंगा घाट पर खोया पाया केंद्र बनाया गया था। मेले में अपनों से बिछुड़े बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। किसी का बच्चा तो किसी की पत्नी या पति की खोने की सूचना केंद्र से दी जा रही थी। मेले में कुल 41 लोग अपनों से बिछुड़ गए थे, जिन्हें परिजनों से मिलवाया गया।
दुकानें रहीं गुलजार
मेले में ग्राहकों की भीड़ से दुकानें गुलजार रहीं। बच्चों और बड़ों ने झूलों का लुत्फ लिया। चाट पकौड़ी, गोलगप्पे,आईस्क्रीम और मिठाई की दुकानों पर सबसे ज्यादा ग्राहकों की भीड़ दिखी। लोगों ने सिलबट्टे, चकिया के अलावा अलमारी, कुठिया, फर्नीचर खरीदा। मीना बाजार में महिला ग्राहकों की भीड़ रही।
