राज्य महिला आयोग : अंजू प्रजापति ने सुनी समस्याएं, कहा- महिलाओं की शिकायतों पर तत्परता से हो कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

कार्यालय संवाददाता, बाराबंकी, अमृत विचार : राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति ने गुरुवार को जिले का दौरा कर महिलाओं की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सबसे पहले कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, हरख का निरीक्षण किया और छात्राओं से संवाद किया।

शिक्षण कार्य व विद्यालय की व्यवस्थाओं पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इसके बाद डीआरडीए सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्हें 10 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन पर तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। अंजू प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी महिला या बालिका को न्याय के लिए भटकना न पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए 1090 और 181 हेल्पलाइन नंबर संचालित किए जा रहे हैं। महिलाएं किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में इन टोल-फ्री नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकती हैं। यदि समय से न्याय न मिले तो राज्य महिला आयोग सीधे हस्तक्षेप कर पीड़िताओं को न्याय दिलाएगा।

छात्राओं की प्रतिभा देख दी शाबाशी

राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति ने गुरुवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, हरख का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 6, 7 और 8 की छात्राओं से पठन-पाठन संबंधी जानकारी ली और विद्यालय में चल रही स्मार्ट क्लास व टीएलएम स्टॉल का अवलोकन किया। छात्राओं की बेहतर प्रदर्शन देखकर उन्होंने उनकी प्रशंसा करते हुए शाबाशी दी तथा उनके साथ फोटो खिंचवाई और आशीर्वाद दिया। इस मौके पर बीईओ सुश्री फिजा मिर्जा, वार्डेनअंकिता वर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। वहीं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राज कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार, एसीएमओ डॉ. डी.के. श्रीवास्तव, बाल संरक्षण अधिकारी हरीश मोहन पांडेय, महिला थानाध्यक्ष मुन्नी सिंह एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : IND vs AUS 4th T20 : भारत ने चौथे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हराया, श्रृंखला में 2-1 की बनाई बढ़त

संबंधित समाचार