बाराबंकी : राज्य महिला आयोग की सदस्य, CHC देवा, आंगनबाड़ी केंद्र व कोतवाली का किया निरीक्षण, कैंटीन व्यवस्था पर जताई नाराजगी
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति ने शुक्रवार को देवा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा, कुसुम्भा गांव के आंगनबाड़ी केंद्र तथा कोतवाली देवा का जायजा लिया। अस्पताल निरीक्षण के दौरान अंजू प्रजापति ने परिसर में समूह द्वारा संचालित कैंटीन की भोजन गुणवत्ता और साफ-सफाई पर असंतोष जताया।
उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक को सुधार के निर्देश देते हुए प्रतिदिन कैंटीन निरीक्षण के लिए टीम गठित करने को कहा। मरीजों और तीमारदारों से बातचीत में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली, जिस पर मरीजों ने बताया कि उन्हें अस्पताल से दवाएं और अधिकांश जांचें वहीं पर उपलब्ध हो रही हैं।
इसके बाद महिला आयोग सदस्य कुसुम्भा गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं, जहां 30 पंजीकृत बच्चों में से 17 बच्चे उपस्थित मिले। उन्होंने केंद्र की व्यवस्था को संतोषजनक बताया। दौरे के अंत में अंजू प्रजापति देवा कोतवाली पहुंचीं, जहां उन्होंने महिला हेल्प डेस्क और महिला पुलिस कर्मियों से संवाद किया तथा महिला फरियादियों को दी जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा की।
इसके बाद उन्होंने सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की मजार पर जियारत भी की। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार, इंस्पेक्टर अजय कुमार त्रिपाठी, महिला थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
