लखनऊ : 18 निर्माण सील, 10 बीघा प्लाटिंग ध्वस्त, LDA ने की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को गोमती नगर, बिजनौर व आशियाना में 18 अवैध निर्माण सील किए। कार्रवाई में अवैध तरीके से संचालित मोटर गैराज, कार वर्कशॉप, निर्माणाधीन व्यावसायिक कॉम्पलेक्स, गोदाम व बहुमंजिला भवन शामिल हैं। मोहनलालगंज में लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त की।

प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि गोमती नगर व गोमती नगर विस्तार में अवैध तरीके से संचालित मोटर गैराज एवं कार वर्कशॉप के खिलाफ पूर्व में कार्रवाई की गयी थी। इनमें से कुछ जगहों पर फिर से व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हो गयी थीं। ऐसे छह अवैध मोटर गैराज पुनः सील किया गया। 

इसी तरह गोमती नगर के विराज खंड, विनीत खंड और गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 व 4 में चार अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किए गए। प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी विराग करवरिया ने बताया कि बिजनौर थानाक्षेत्र में आउटर रिंग रोड के पास ठकुराइन खेड़ा, बलवंत खेड़ा में अवैध रूप से बन रहे पांच व्यावसायिक निर्माण सील किये गये। 

वहीं, आशियाना और शहीद पथ के पास तीन अवैध बहुमंजिला भवन सील किए। इसके अलावा मोहम्मद दानिश व अन्य द्वारा मोहनलालगंज के सोनई कजेहरा में लगभग 10 बीघा में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग करते हुए विकसित की जा रही कॉलोनी ध्वस्त की।

संबंधित समाचार