यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के प्रांतीय अधिवेशन में बोले राज्य मंत्री चिकित्सा स्वास्थ्य,पत्रकारों के समस्या के समाधान का दिया आश्वासन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

स्वास्थ्य क्षेत्र में शीघ्र होगा यूपी नंबर वन : मयंकश्वेर शरण

अयोध्या, अमृत विचार: रामनगरी के जानकी महल ट्रस्ट में शुक्रवार को आयोजित यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के प्रांतीय सम्मेलन में पत्रकारों के अधिकारों और समस्याओं की गूंज रही। प्रदेश भर से जुटे वरिष्ठ पत्रकारों ने वर्तमान परिस्थितियों को लेकर तथ्यों के साथ अपने विचार रखे।

मुख्य अतिथि चिकित्सा स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकश्वेर शरण सिंह ने कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आठ साल में प्रदेश ने स्वास्थ के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है। भारत के अन्य प्रदेशों की तुलना में प्रदेश स्वास्थ क्षेत्र में तीसरे स्थान पर है, जल्द ही हम पहले नंबर पर होंगे। स्वीकार किया कि स्वास्थ के क्षेत्र ने कुछ कमियां हैं जिसे दूर करने के लिए सरकार कार्य कर रही है। प्रदेश के 81 मेडिकल कॉलेज में पीजी की शिक्षा दी जा रही है, जिससे अस्पतालों में चिकित्सकों की कमियां दूर होंगी। राज्यमंत्री ने बीते एक साल के दौरान अस्पतालों में मरीजों के इलाज की उपलब्धि गिनाई। यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि को विभिन्न समस्याओं से युक्त ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। एमएलसी पवन सिंह चौहान ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्रकारों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

स्थानीय समस्या के लिए भाषाई पत्रकारिता आवश्यक : चंपत राय

विशिष्ट अतिथि श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने संगठन के अध्यक्ष स्व. के विक्रम राव को नमन किया। उन्होंने भाषाई पत्रकारिता पर जोर दिया। कहा कि सरकार की योजनाएं आमजन तक पहुंचाने व स्थानीय समस्या को सरकार तक पहुंचाने का काम भाषाई अखबार ही कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के बाद संपूर्ण देश के लोगों का अयोध्या आगमन हुआ। प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब तक छह करोड़ लोग अयोध्या दर्शन के लिए आ चुके है। 70 से 80 हजार लोग रोज दर्शन कर रहे हैं। मंदिर का निर्माण आमजन के सहयोग से हुआ है, इसमें लोहा कहीं प्रयोग नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को प्रधानमंत्री राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे, इसमें समाज के लोगों का प्रेजेंटेशन होगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के छह हजार लोगों की आमंत्रित किया गया है। ट्रस्ट महासचिव ने कहा कि ध्वजारोहण के बाद मंदिर निर्माण की पूर्णता की घोषणा होगी।

अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ अधिवेशन का शुभारंभ

यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन का प्रांतीय अधिवेशन का शुभारंभ मुख्य अतिथि चिकित्सा स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी, प्रदेश उपाध्यक्ष हरि कृष्ण अरोड़ा, विश्वास स्वरूप अग्रवाल, मनोज कांत बाजपेई व विधायक अभय सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पूर्व सांसद निर्मल खत्री भी मौजूद रहे। संचालन महामंत्री शिव शरण सिंह ने किया। इससे पहले अतिथियों का स्वागत रामनामा, स्मृति चिन्ह व पुष्पगुच्छ देकर प्रदेश के पदाधिकारियों ने किया। इस अवसर पर देव राज सिंह, विश्वदेव राव, रजत मिश्र, प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास्तव, संपादक विश्वास स्वरूप अग्रवाल, संपादक सुमन गुप्ता, उग्रसेन मिश्रा, डीडी मिश्रा, अंजनी सिन्हा, राकेश श्रीवास्तव, अमरनाथ वर्मा समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए संगठन के पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार