UP में फ्री राशन वितरण शुरू, 25 तक चलेगा अभियान, मॉनिटरिंग के लिए बनाए गए नियंत्रण कक्ष
खाद्य एवं रसद विभाग ने दिए निर्देश, ई-पास मशीन से होगा वितरण दर्ज
लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश में निःशुल्क राशन वितरण का विशेष अभियान शनिवार से शुरू हो गया है, जो 25 नवंबर तक चलेगा। खाद्य एवं रसद विभाग ने इस संबंध में सभी जिलों के आपूर्ति अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वितरण पूरी तरह ई-पास मशीन के माध्यम से दर्ज किया जाएगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी पात्र कार्डधारक को राशन से वंचित न रहना पड़े।
फ्री राशन वितरण योजना के तहत पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 2 किलो गेहूं और 3 किलो चावल, यानी कुल 5 किलो अनाज प्रति सदस्य नि:शुल्क दिया जाएगा। वहीं, अंत्योदय कार्डधारकों को 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल, यानी कुल 35 किलो राशन फ्री मिलेगा।
सभी जिलाधिकारियों और जिला आपूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वितरण के दौरान कोई भी पात्र लाभार्थी छूट न पाए। राशन दुकानदारों से कहा गया है कि किसी भी कार्डधारक को ‘नेटवर्क फेल’ या ‘मशीन खराब’ जैसे कारणों से राशन न रोका जाए। जिन लाभार्थियों के फिंगरप्रिंट या पहचान में समस्या हो, उनके लिए ओटीपी अथवा वैकल्पिक प्रमाणीकरण की सुविधा रखी गई है।
मॉनिटरिंग के लिए बनाए गए नियंत्रण कक्ष
अभियान की सतत निगरानी के लिए राज्य स्तर पर नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है। इसके अलावा, सभी मंडल और जिलों में भी स्थानीय स्तर पर मॉनिटरिंग सेल बनाए गए हैं, जो ई-पॉस डाटा के साथ-साथ शिकायतों और वितरण स्थिति पर नज़र रखेंगे। यह भी तय किया गया है कि यदि किसी केंद्र पर गड़बड़ी या अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो संबंधित दुकानदार या आपूर्ति निरीक्षक पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
