प्रतापगढ़ : मादक पदार्थ तस्कर के घर पर छापेमारी, नोटों की गिनती के लिए मंगवाई गई मशीन, देर शाम तक चलती रही गिनती
पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने की संयुक्त छापेमारी
कुंडा/प्रतापगढ़, अमृत विचार। मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुंदीपुर गांव में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को मादक पदार्थों के तस्कर राजेश मिश्रा के घर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम को लाखों रुपये नकदी के अलावा कई दस्तावेज मिले हैं। नोटों की गिनती के लिए टीम को मशीन मंगानी पड़ी। कार्रवाई को लेकर खलबली मची रही।
सीओ कुंडा के निर्देशन में शनिवार सुबह मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुंदीपुर गांव में छापेमारी करने टीम पहुंची। तस्कर के घर को चारों ओर से घेरकर तलाशी शुरू कर दी। टीम को बॉक्स, अलमारियों समेत अन्य स्थानों से लाखों रूपये नकदी मिली। टीम में शामिल पुलिसकर्मी मौके पर ही रुपये गिनने में जुटे गए। सूत्रों की माने तो देर शाम तक 50 लाख से अधिक की नकदी गिनी गई।
बताया गया कि राजेश मिश्र लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल है। उसके विरुद्ध पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। बताया गया कि उसका नेटवर्क प्रतापगढ़ के अलावा पड़ोस के जिलों में भी फैला हुआ है। पुलिस मौके पर बरामद मोबाइल, दस्तावेज और लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर उसके संपर्कों की पड़ताल में जुटी है।

स्थानीय लोगों में चर्चा है कि राजेश ने अवैध कमाई से मकान सहित कई संपत्तियां बनाई है। टीम में शामिल अधिकारियों के अनुसार नकदी की गिनती पूरी होने के बाद ही बरामद रूपये का ब्यौरा तैयार किया जाएगा। इसके बाद आयकर विभाग को जानकारी भेजी जाएगी। छापेमारी के दौरान कुंडा,मानिकपुर, हथिगवां, नवाबगंज,बाघराय समेत भारी पुलिस मौजूद रही।
छापेमारी में मिली रकम की गिनती कराई जा रही है। कितनी नकदी मिली है,अभी स्पष्ट नहीं बताया जा सकता है। गिनती होने के बाद पूरी जानकारी दी जाएगी... बृजनन्दन राय, एएसपी पश्चिमी, प्रतापगढ़
