लखीमपुर खीरी: बीमार महिला की संदिग्ध हालत में मौत, मायके वालों ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप
बेहजम, अमृत विचार। नीमगांव थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी व कस्बा बेहजम निवासी एक 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि वह काफी समय से बीमार चल रही थी। उधर मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कस्बा बेहजम निवासी तबस्सुम (28) की शादी लुकमान निवासी बेहजम से करीब 5 वर्ष पूर्व हुई थी। बताया जाता है कि वह करीब एक साल से बीमार थी और उसका उपचार लखनऊ में चल रहा था। महिला के ससुराल वालों का कहना है कि उन्होंने बीमार होने की जानकारी कई बार मायके वालों को दी, लेकिन कोई देखने नहीं पहुंचा। इस बीच तबस्सुम की हालत लगातार बिगड़ती रही और रविवार को उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही नाते-रिश्तेदार और मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मृतका के भाई रिजवान ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की मौत गला दबाकर हत्या करने के कारण हुई है। सूचना पर पहुंचे बेहजम चौकी प्रभारी सिद्धांत पवार ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। चौकी प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो जाएगा।
