Lucknow News: लावारिस का ऑपरेशन किया, अपने पैसे से लगाया इम्प्लांट

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था हादसे में घायल 40 वर्षीय संजय

लखनऊ, अमृत विचार : बलरामपुर अस्पताल के चिकित्सकों ने लावारिस मरीज के कूल्हे का जटिल ऑपरेशन किया और अपने पैसे से खरीदकर इम्प्लांट भी लगाया। ऑपरेशन के बाद मरीज पूरी तरह से स्वस्थ है। स्टाफ घर के सदस्य की तरह उसकी देखरेख कर रहा है।

सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया संजय (40) हादसे में घायल हो गया था। उसे लावारिस में भर्ती कराया गया। जांच में उसके दाहिने पैर के कूल्हे में फैक्चर निकला था। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरूर अली ने इम्प्लांट डालने की जरूरत बताई। मरीज का कोई परिजन न होने के कारण वह इम्प्लांट खरीदने में असमर्थ था। इसकी जानकारी निदेशक डॉ. कविता आर्या को दी गई। निदेशक के निर्देश पर करीब 20 हजार रुपये कीमत का इम्प्लांट खरीदा गया। डॉ. सुरूर अली ने एनेस्थीसिया टीम के डॉ. कौशल और डॉ. देशराज के सहयोग से ऑपरेशन किया। ऑपरेशन से पूर्व रोगी को दो यूनिट रक्त का ट्रांसफ्यूजन चिकित्सालय के ब्लड बैंक से किया गया।

निदेशक ने कहा कि हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मरीज आर्थिक कारणों से उपचार से वंचित न रहे। इस तरह के सफल ऑपरेशन हमारी टीम की संवेदनशीलता और सेवा-भाव का परिचायक हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने कहा कि इस प्रकार के मामलों से चिकित्सकों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि यह ऑपरेशन हमारी पूरी टीम की सामूहिक मेहनत और मानवता के प्रति समर्पण का परिणाम है।

संबंधित समाचार