Lucknow News: RWA को हैंडओवर भरणी अपार्टमेंट... एलडीए उपाध्यक्ष ने पदाधिकारियों को सौंपा पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

42,07,908 रुपये संयुक्त खाते में किए एफडीआर

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अपनी मानसरोवर योजना स्थित भरणी अपार्टमेंट मंगलवार को रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को हैंडओवर कर दिया। अब आरडब्ल्यूए अपार्टमेंट का अनुरक्षण कार्य करेगा। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अपने कार्यालय में आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों को अपार्टमेंट हैंडओवर का पत्र सौंपा।

अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि मानसरोवर योजना स्थित भरणी अपार्टमेंट का निर्माण वर्ष 2019 में पूर्ण हुआ था। पार्टमेंट के दो टावर में 2 बीएचके व 3 बीएचके के कुल 60 फ्लैट हैं। निर्माण पूर्ण होने से लेकर अब तक अपार्टमेंट में अनुरक्षण का कार्य प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा था। अब हैंडओवर होने के बाद अनुरक्षण कार्य आरडब्ल्यूए कराएगा और आवंटी की समस्या का जल्द समाधान होगा, क्योंकि आरडब्ल्यूए आवंटियाें द्वारा चुनी समिति है। यह परिसर की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझते हैं। उपाध्यक्ष ने भरणी अपार्टमेंट आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दीपक नागपाल व सचिव अभिषेक श्रीवास्तव समेत अन्य सदस्यों को हैंडओवर पत्र प्रदान किया। साथ ही कार्पस फंड की धनराशि 42,07,908 रुपये आरडब्ल्यूए और एलडीए सचिव के संयुक्त खाते में एफडीआर एवं पांच लाख रुपये आरडब्ल्यूए के खाते में डिमांड ड्राफ्ट के रूप में दी गई। इस मौके पर संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह व सहायक अभियंता विनीत कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार