महिला से छेड़छाड़...विरोध पर बाल पकड़कर पीटा, पीड़िता ने तालकटोरा थाने में दर्ज करायी रिपोर्ट
लखनऊ, अमृत विचार : तालकटोरा इलाके में काम से जा रही एक महिला से आलमनगर रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म के पास युवक ने अश्लील टिप्पणी की। विरोध करने पर आरोपी ने महिला को बाल पकड़कर गिराकर पीटा। विवाद देख लोगों ने बीच-बचाव किया। पीड़िता ने तालकटोरा थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है।
मूल रूप से हरदोई जनपद की निवासी एक महिला पारा इलाके में रहती है। सोमवार दोपहर वह काम पर जा रही थी। जब वह आलमनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के पास पहुंची तो एक युवक ने उस पर अश्लील फब्तियां कसीं। विरोध करने पर आरोपी युवक ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और पिटाई कर दी।
महिला की पिटाई होते देख आसपास के लोगों ने बचाव किया। पीड़िता ने बताया कि लोगों ने आरोपी का नाम सतीश बताया। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
