मुरादाबाद: सोलर लाइटों से रोशन होंगे परिषदीय विद्यालय
मुरादाबाद,अमृत विचार। जिले के परिषदीय विद्यालयों से अब बिजली भुगतान का संकट कम हो जाएगा। बच्चों को हर वक्त पर्याप्त रोशनी पड़ेगी। लाइट चले जाने का डर और आने का इंतजार शिक्षकों और छात्र-छात्रों को नहीं करना पड़ेगा। यह सब मुमकिन होगा स्कूलों में सोलर लाइटों के लग जाने के बाद। मार्च माह तक जिले …
मुरादाबाद,अमृत विचार। जिले के परिषदीय विद्यालयों से अब बिजली भुगतान का संकट कम हो जाएगा। बच्चों को हर वक्त पर्याप्त रोशनी पड़ेगी। लाइट चले जाने का डर और आने का इंतजार शिक्षकों और छात्र-छात्रों को नहीं करना पड़ेगा। यह सब मुमकिन होगा स्कूलों में सोलर लाइटों के लग जाने के बाद। मार्च माह तक जिले के 1408 परिषदीय विद्यालय सोलर लाइटों से रोशन हो जाऐंगे।
परिषदीय विद्यालयों के कायाकल्प में ग्राम पंचायतों की भूमिका अहम होगी। बकाया बिजली बिल भुगतान के बाद अब विद्यालयों को सौर ऊर्जा से रोशन करने की कवायद शुरू हो गई है। राज्य परियोजना निदेशक सर्व शिक्षा अभियान विजय किरन आनंद ने इस संबंध में जिले को आदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने ऐसे परिषदीय विद्यालय जहां बिजली कनेक्शन नहीं हैं और होने की संभावना भी नहीं है उसे सौर ऊर्जा से रोशन करने के लिए कहा है। इसके लिए 600 वाट का सोलर पैनल और 25 एंपियर की बैटरी स्थापित करानी होगी। आदेश आने के बाद जिला पंचायत राज विभाग इसे अमली जामा पहनाने में जुट गया है। जल्द ही बिजली से वंचित स्कूल भी जगमग नजर आएंगे।
सीडीओ की अध्यक्षता में गठित होगी सर्वे समिति
जिला समन्वयक निर्माण हर्षवर्धन कपिल ने बताया कि विद्यालयों के चयन के लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया जाएगा। इसमें जिला पंचायत राज अधिकारी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी शामिल किया जाएगा। ये समिति स्कूलों का सर्वे कर अपनी रिपोर्ट देगी कि किन विद्यालयों में बिजली कनेक्शन नहीं है और होने की संभावना भी नहीं है। उन्हीं विद्यालयों में सोलर पैनल स्थापित किया जाएगा।
फिटिंग के साथ ही क्रय किए जाएंगे उपकरण
ग्राम पंचायत परिषदीय विद्यालयों में केवल सोलर पैनल ही स्थापित नहीं कराएंगी, बल्कि उनमें अन्य कार्य भी कराए जाएंगे। शासन के आदेश में साफ है कि ग्राम पंचायतों को राज्य वित्त की धनराशि से स्कूलों में बिजली फिटिंग के साथ-साथ पंखे, ट्यूब लाइट व अन्य उपकरण भी क्रय करने होंगे। शासन से स्कूलों में सर्वे कर सोलर पैनल स्थापित करने का आदेश आया है। इसे कार्य योजना में शामिल कर अमल में लाया जाएगा।
