IIT के नॉर्म्स पूरे करने में बढ़ गईं सड़कों की लागत:नगर आयुक्त ने इंजीनियरिंग की बैठक की, गाइड लाइन फॉलों करने के निर्देश
कानपुर, अमृत विचार। सीएम ग्रिड्स योजना के प्रथम चरण में बनने वाली सड़कों की लागत आईआईटी के नॉर्म्स पूरे करने की वजह से बढ़ गई। सड़कों व फुटपाथ के चौड़ीकरण के साथ ही अब हाइवे का लोड सह सकने लायक सड़कें बनेंगी। आईआईटी के वैज्ञानिकों ने पहले कागजों में बनी सड़कों की डिजाइन व मानक को अनुकूल नहीं पाया था, जिसके बाद कई संशोधन किए गए हैं।
बता दें, कि प्रथम चरण में बनने वाली 5 सड़कों की लागत में 81.25 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। सीएम ग्रिड्स योजना के प्रथम चरण में 5 सड़कों का निर्माण 185.82 करोड़ रुपये से होना था। इन सड़कों को हाइटेक तकनीक के साथ बनाना है।
निर्माण एजेंसी यूरिडा की देखरेख में सड़कों निर्माण हो रहा है। लेकिन, जब सड़कों के निर्माण कार्य में आईआईटी कानपुर को शामिल किया गया तो संस्थान के वैज्ञानिकों ने सड़कों के भविष्य को देखते हुए डिजाइन में कई आपत्तियां लगा दीं। इसके बाद संशोधन शुरू किया गया।
सीएम ग्रिड्स सड़कों के निर्माण कार्य से जुड़े एक अभियंता ने बताया कि आईआईटी की आपत्तियों और उसके बाद सुधार की वजह से ही 15 फीसदी तक सड़कों की निर्माण लागत बढ़ गई। उन्होंने बताया कि कुछ सड़कें हाइवे व बड़ी सड़कों से लिंक हैं। ऐसे में भारी वाहनों का लोड सह सकें, उस आधार पर अब उन सड़कों का निर्माण होगा।
इसके साथ ही सड़कों की चौड़ाई, फुटपाथ की चौड़ाई भी बढ़ाई गई है। मौजूदा में प्रथम चरण की 5 सड़कों का पुनरीक्षित बजट 267.07 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इन सभी सड़कों की कुल लागत में 81.25 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। जिसकी स्वीकृति के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।
नगर आयुक्त ने की बैठक, नॉर्म्स पूरे करने के निर्देश
उधर, सीएम ग्रिड्स की सड़कों के निर्माण कार्य में लगातार लापरवाही बरतने के मामले अधिकारी हरकत में आए हैं। बुधवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मुख्य अभियंता एसएफए जैदी समेत इंजीनियरिंग विभाग के अभियंताओं के साथ बैठक कर गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि खोदाई वाले स्थानों पर पर्दे लगाएं, एक्यूआई को ध्यान में रखकर कार्य करें। इसके बाद अधिकारी फील्ड पर निकले और मानकों का पालन करते रहे। सांसद रमेश अवस्थी के आवास के सामने स्वरूप नगर, कल्याणपुर, किदवई नगर, नौबस्ता में सीएम ग्रिड की सड़कों के निर्माण कार्य में हरे पर्दे लगाए गए हैं।
