Rampur: हाथों की मेहंदी तक नहीं उतरी थी, शादी के 16 दिन बाद डेंगू से नई दुल्हन की मौत
टांडा, अमृत विचार। शादी के महज 16 दिन बाद ही नवविवाहिता की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि नवविवाहिता की मौत डेंगू से हुई है। नवविवाहिता के हाथों में लगी मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं पड़ा था कि खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
टांडा के मोहल्ला नज्जूपुरा निवासी अफसर अली की शादी 27 अक्टूबर को गांव भमरौआ निवासी अशरफ अली की 22 वर्षीय पुत्री शबाना के साथ हुई थी। शादी के दो तीन दिन बाद ही उसकी पत्नी की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने पहले उसे नजदीकी चिकित्सक को दिखाया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे रामपुर के सिविल लाइंस स्थित संजीवनी हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां भी स्थिति न सुधरने पर उसे पल्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
मंगलवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसे मुरादाबाद के टीएमयू हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने बुधवार दोपहर को उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के अनुसार विवाहिता की मौत डेंगू के संक्रमण से हुई है। बताया जा रहा है कि शुरू में तेज बुखार और बदन दर्द के लक्षण दिखे थे, जिन्हें सामान्य वायरल समझकर इलाज कराया जा रहा था।
धीरे-धीरे प्लेटलेट्स की संख्या कम होती चली गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। मायके और ससुराल दोनों जगह मातम पसरा हुआ है। मोहल्ले में भी गम का माहौल है। लोगों का कहना है कि अभी कुछ ही दिन पहले घर में शादी की रौनक थी, अब उसी घर से जनाजा उठने की खबर से सभी स्तब्ध हैं।
