बाराबंकी : पैमाइश करने गए राजस्व निरीक्षक को दौड़ाया, कागजात जलाने के प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। दरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रानेपुर में पैमाइश करने गए राजस्व निरीक्षक को दौड़ा लिया गया। इस दौरान उनके कागजात व उपकरण पराली में जलाने की कोशिश भी हुई। किसी तरह बचकर निकली टीम के सदस्य राजस्व निरीक्षक ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। 

जानकारी के अनुसार राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार दीक्षित सरांय शाह आलम तहसील रामसनेहीघाट में तैनात हैं। गुरुवार दोपहर एसडीएम के आदेश पर वाद से संबंधित गाटा संख्या 665 की पैमाइश करने अन्य के साथ गए थे। पैमाइश के दौरान वादिनी सीता देवी, उनके पति रामलखन तथा अन्य ग्रामीण मौजूद थे। 

इसी बीच संजय पुत्र रामभरोसे एवं रवि पुत्र संजय निवासी मिश्री का पुरवा ट्रैक्टर-ट्राली लेकर मौके पर पहुंचे और पैमाइश रुकवाने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि दोनों ने राजस्व निरीक्षक से गाली-गलौज की, फीता फावड़ा से काट दिया तथा पत्रावली व नक्शा छीनकर पराली में जलाने का प्रयास किया। 

राजस्व निरीक्षक ने समझाने की कोशिश की तो दोनों फावड़ा लेकर उन पर जानलेवा हमला करने के इरादे से दौड़ पड़े। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से निकले। जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार