Bareilly : जंक्शन पर मालगाड़ी में धुआं निकलने से अफरा-तफरी...बर्निंग ट्रेन बनने से बची

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जंक्शन पर शनिवार सुबह मालगाड़ी के वैगन से धुआं निकलने से स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में मालगाड़ी को मेन लाइन पर रोकना पड़ा। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी के अंदर रखे सामान में किसी तरह घर्षण से आग लगी। हालांकि रेलवे के अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।

जंक्शन पर सुबह करीब 9 बजकर 20 मिनट पर मुरादाबाद की ओर से मालगाड़ी आ रही थी। जिसके पीछे की ओर लगे एक वैगन से धुआं निकलता देखा गया तो जंक्शन की मेन लाइन पर (लाइन नंबर-2) रुकवा दिया गया। कोच के अंदर से काफी धुआं निकलता देख रेलवे स्टाफ भी सकते में आ गया। आरपीएफ और कैरिज एंड वैगन स्टाफ समेत स्टेशन मास्टर भी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में रेलवे के स्टाफ की मदद से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, मगर कामयाबी नहीं मिली।

बताया जा रहा है कि मालगाड़ी के अंदर तार आदि लदे थे, अंदर तार सुलघने की वजह से आग बुझाने में परेशानी आ रही थी। लिहाजा आरपीएफ की मौजूदगी सील खोलकर सामान आग बुझाने का प्रयास किया गया। इस बीच फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। जिस कोच से धुआं निकला था उसको काटकर अलग कर दिया गया। बाद में मालगाड़ी आगे के लिए रवाना की गई। फिलहाल रेलवे अधिकारी जांच की बात कह रहे हैं।

संबंधित समाचार