बाराबंकी : CMO ने CHC रामनगर का किया औचक निरीक्षण, कहा- मरीजों को पहुंचाएं सरकारी अस्पताल, प्राइवेट रेफर पर होगी कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्चा काउंटर, ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, लेबर रूम, एनबीएसयू, इमरजेंसी वार्ड और एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण कर स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएमओ ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मौजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार रखने तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। साफ-सफाई की व्यवस्था देखकर सीएमओ संतुष्ट दिखे और परिसर को हरा-भरा बनाए रखने के लिए अधिक पौधे लगाने पर जोर दिया। निरीक्षण के बाद सीएमओ ने अस्पताल में संचालित ईएमटी प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि कॉल मिलते ही जल्द से जल्द घटनास्थल पर पहुंचें और गंभीर मरीजों को बिना देरी के सरकारी अस्पताल पहुंचाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों में न ले जाया जाएं, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव कुमार श्रीवास्तव को निर्देशित किया कि सीज किए गए अवैध प्राइवेट अस्पतालों पर कड़ी निगरानी रखें और मनमानी पाए जाने पर तत्काल एफआईआर दर्ज कराएं।

अस्पताल को जाने वाले खराब सड़क मार्ग का संज्ञान लेते हुए उन्होंने जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर सड़क को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को आवागमन में कठिनाई न हो। इस अवसर पर डॉ. आशीष सिंह, डॉ. पूजा, डॉ. सना हुसैन, स्वास्थ्य कर्मी समीर राम, अनुज, यशपाल सिंह, प्रभात सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार