बाराबंकी : दौड़ से लेकर कबड्डी तक, बच्चों ने दिखाया दम, न्याय पंचायत स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। विकास खंड बनीकोडर के कम्पोजिट स्कूल सनौली में शनिवार को न्याय पंचायत स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नोडल शिक्षक श्रीश चतुर्वेदी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उन्होंने बच्चों को खेलों के महत्व, अनुशासन एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना के प्रति प्रेरित किया।
दौड़ प्रतियोगिता में 50 मीटर बालिका वर्ग में कम्पोजिट स्कूल रेहरिया की पल्लवी प्रथम तथा कम्पोजिट स्कूल सनौली की प्रिया द्वितीय रहीं। बालक वर्ग में 50 मीटर में कम्पोजिट स्कूल सनौली के सचिन प्रथम और सुधाकर द्वितीय स्थान पर रहे। 100 मीटर बालिका वर्ग में इसी स्कूल से समा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मोनिका द्वितीय रहीं। 100 मीटर बालक वर्ग में कम्पोजिट स्कूल शोभापुर के शिवा प्रथम तथा सनौली के युवराज द्वितीय स्थान पर रहे।
200 मीटर दौड़ में बालिका वर्ग में कम्पोजिट स्कूल सनौली के विजयलक्ष्मी ने प्रथम और रेहरिया के प्रिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार बालक वर्ग में 200 मीटर दौड़ में सनौली के सचिन प्रथम और रेहरिया के नवनीत द्वितीय रहे। गोला फेंक प्रतियोगिता में यू.पी.एस. लालपुर राजपुर के जटा शंकर ने प्रथम तथा यू.पी.एस. लालपुर राजपुर के ऋषभ सोनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में बालिका वर्ग में कम्पोजिट स्कूल रेहरिया ने बाजी मारी, जबकि बालक वर्ग में कम्पोजिट स्कूल सनौली की टीम विजेता रही।
प्रतियोगिता का संचालन पूर्व ए.आर.पी. अतुल गुप्ता, दिग्विजय पाण्डेय, योगेंद्र त्रिपाठी, सुनीता देवी, घनश्याम जायसवाल, राकेश कुमार, अजय शर्मा, आशीष वर्मा, दिनेश वर्मा, मानवेन्द्र सिंह, महेंद्र राम, राजीव साहू, अंकित तिवारी, उमेश यादव, सुनीत तिवारी, ममता सहित अनेक शिक्षकों ने किया।कार्यक्रम के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

परिषदीय विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न
हैदरगढ़। उच्च प्राथमिक विद्यालय कनवा में बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में अंसारी न्याय पंचायत की खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। पूर्व माध्यमिक बालक वर्ग कबड्डी में हैदरगढ़ विजेता और कनवा उपविजेता रही, जबकि बालिका वर्ग में अंसारी विजेता और कल्याणपुर उपविजेता रहे।
प्राथमिक बालक वर्ग में गोतौना विजेता और करौंदी उपविजेता रही, बालिका वर्ग में कनवा विजेता और गोतौना उपविजेता रही। पूर्व माध्यमिक वर्ग में खो-खो और दौड़ प्रतियोगिताओं में भी विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पीटी में पूर्व माध्यमिक विद्यालय हैदरगढ़ ने अच्छा प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में दीपक मिश्रा, विवेक गुप्ता, रुद्रकांत बाजपेयी, योगेन्द्र मिश्रा, रजनीश शुक्ला सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
