कानपुर : दिनेश शर्मा बोले- राहुल गांधी अच्छे इंसान, लेकिन राजनीति के गुण नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती पर रावतपुर के बिरसा मुंडा छात्रावास में हुआ कार्यक्रम

कानपुर, अमृत विचार। जनजाति गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती पर रावतपुर के बिरसा मुंडा छात्रावास आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य व पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा पहुंचे। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव परिणामों के बाद विपक्ष अभी भी हार के कारण तलाशने में व्यस्त है। 

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भले व्यक्तिगत रूप से अच्छे इंसान हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्रीय राजनीति के लिए जरूरी गुण अभी भी उनमें दिखाई नहीं देते। राहुल के पास अब केवल पारिवारिक दायरे में आगे बढ़ने की गुंजाइश बची है। 

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मतदान हो चुका, नतीजे भी सामने आ चुके, लेकिन विपक्ष की शिकायतों का जिन्न अभी तक शांत होने का नाम नहीं ले रहा, चुनाव आयोग पर सवाल उठाए जा रहे हैं। दिनेश शर्मा ने दावा किया कि संविधान की किताब लेकर घूमकर भ्रम फैलाने वालों को बिहार की जनता ने करारा जवाब दिया है और यही फैसला देश की राजनीतिक दिशा तय करेगा। 

उन्होंने कहा कि एनडीए ने बिहार में दोहरा शतक लगाया है, जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगी लगातार जमीन खोते जा रहे हैं। राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा कहा कि बिरसा मुंडा ने न केवल आदिवासी समाज, बल्कि पूरे भारत की रक्षा के लिए संघर्ष किया। अंग्रेजों ने छलपूर्वक जहर देकर उनकी हत्या की, लेकिन उनका बलिदान आज भी राष्ट्र को प्रेरित करता है। 

उन्होंने छात्रावास में अध्ययन कर रहे नगालैंड, मेघालय, छत्तीसगढ़ और सोनभद्र से आए अनुसूचित जनजाति के प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। तीरंदाजी सहित विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आदिवासी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। 

कार्यक्रम में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, पूर्व जिला अध्यक्ष दीपू पांडे  विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक राहुल बच्चा सोनकर एवं महापौर प्रमिला पांडे,  सुरेश अवस्थी रहे। जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनूप चौधरी एवं पारस मदान ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों को बिरसा मुंडा का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

संबंधित समाचार