बिहार भाजपा की जीत, यूपी में सपा की जीत के बराबर नहीं : अखिलेश यादव
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि सपा ने लोकसभा चुनाव में भाजपा की डबल इंजन सरकारों को हराया है। लोकसभा चुनाव में भाजपा ऐसी-ऐसी सीटें हारी है, जिसकी कल्पना नहीं कर सकते हैं। भाजपा बिहार की जीत को सपा की यूपी की जीत से बराबरी नहीं कर सकती है।
सपा प्रमुख ने शनिवार को बेंगलुरु दौरे में कहा कि भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव परिणाम अपने पक्ष में करती है। भाजपा ने उप्र में भी सरकारी मशीनरी का बहुत दुरुपयोग किया है। बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव में हार और जीत दोनों से सीख मिलती है। भाजपा महिलाओं, नौजवानों को सम्मान का जीवन और नौकरी नहीं देना चाहती है। बिहार चुनाव जीतने के बाद भाजपा के लोग कह रहे हैं कि उन्हें महिलाओं का वोट ज्यादा मिला है। भाजपा इसे बता तो सकती है लेकिन हर महिला को दस हजार रुपये कब तक देंगे, यह नहीं बताती है। भाजपा सम्मान का जीवन नहीं देना चाहती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी-बिहार के लोग सबसे ज्यादा दूसरे राज्यों में परिवार से दूर रहते हैं। भाजपा सरकार पलायन रोकने के लिए काम नहीं कर रही। दस हजार रुपये देकर वोट ले लिया। अब जैसे दूसरे राज्यों में नियम बनाकर पैसा देना रोक दिया था, वैसे बिहार में भी करेंगे। उन्होंने कहा कि सपा विधान सभा और लोकसभा चुनाव हारी थी, हमने हार से सीखा। सपा को 2019 में लोकसभा की पांच सीटें ही मिली थीं। 2022 में सपा विधानसभा चुनाव में सरकार नहीं बना पायी। लेकिन भाजपा का मजबूती से मुकाबला किया। 2024 लोकसभा चुनाव में सपा ने भाजपा की डबल इंजन को हराया।
