UP News: धान खरीद के साथ भुगतान की रफ्तार भी तेज... 17 प्रतिशत नमी वाला धान ही खरीद योग्य
पूरे प्रदेश में 545 करोड़ रुपये का हुआ भुगतान
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में धान खरीद सत्र इस बार पूरी रफ्तार में है। राज्य सरकार की नियमित समीक्षा, किसानों को दी जा रही सुविधाएं और समय पर भुगतान की व्यवस्था का असर यह है कि धान खरीद और किसानों के पंजीकरण दोनों में तेजी लगातार बढ़ रही है।
शनिवार तक पूरे प्रदेश में 3.93 लाख से अधिक किसानों ने पंजीकरण करा लिया, जबकि 53,330 किसानों से 3.12 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीद की जा चुकी है। सरकार द्वारा निर्धारित 4000 केंद्रों के लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए 4,143 क्रय केंद्र स्थापित कर दिए गए हैं, जहां पेयजल, बैठने की व्यवस्था और शेड सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रदेश में धान खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर जारी है। सामान्य धान 2,369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान 2,389 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदा जा रहा है।
खाद्य एवं रसद विभाग ने किसानों से अपील की है कि 17 प्रतिशत नमी वाला धान ही खरीद योग्य है। पूर्वी उप्र. में धान खरीद 28 फरवरी 2026 तक और पश्चिमी यूपी में 31 जनवरी तक चलेगी। सूत्रों के मुताबिक, नोडल एजेंसियों की ओर से अब तक पूरे प्रदेश में 2.86 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 65,820 टन अधिक है। 43,105 से अधिक किसानों को कुल 545 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे उनके आधार-लिंक्ड खातों में भेजा गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदा जाएगा और किसी भी किसान का भुगतान लंबित नहीं रहेगा।
बरेली मंडल में तेजी
बरेली मंडल में धान खरीद और भुगतान की प्रक्रिया और तेज हो गई है। बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों के लिए 7.19 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य तय है। अब तक मंडल में 17,077 किसानों से 1,06,853 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। इनके खातों में 24,536 लाख रुपये सीधे डीबीटी से भेजे जा चुके हैं। अधिकारी किसानों के खेतों तक पहुंचकर सीधे खरीद की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर रहे हैं।
