Bareilly : शिक्षक से जमीन देने का झांसा देकर 68 लाख रुपये की ठगी
बरेली, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में एक शिक्षक से जमीन देने का झांसा देकर 68 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपियों ने घर पर बुलाकर उसकी हत्या करने की भी कोशिश की। एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश पर पुलिस ने ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव इटौआ बैनीराम निवासी शिक्षक नरोत्तम सिंह ने बताया कि उन्होंने उड़ला जागीर के रहने वाले बाबू मोहम्मद से पांच लाख रुपये देकर एक जमीन का रजिस्टर्ड एग्रीमेट कराया। इसके बाद कई बार में68 लाख रुपये उनसे लिए गए लेकिन रजिस्ट्री नहीं कराई गई। बाबू मोहम्मद से बैनामा करने को कहा तो वह गुंडई पर उतारू हो गया। उसने सीधा कहा कि तय राशि से 15 लाख रुपये अतिरिक्त देना होगा नहीं दी तो जमीन भूल जाओ।
आरोप है कि 12 अगस्त को समय करीब शाम 5 बजे आरोपी ने अपने घर बुलाया। वहां पर आरोपी और उसकी पत्नी और दो अज्ञात व्यक्ति ने पकड़ लिया और गले में गमछे का फंदा डालकर हत्या की कोशिश की। उसने वहां से किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसएसपी अनुराग आर्य से की। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी बाबू मोहम्मद, उनकी पत्नी समेत दो अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
