UP News: वर्टिकल व्यवस्था लागू, हर कार्य के लिए अधिकारी-कर्मचारी नियुक्त
अब उपकेंद्र के एसडीओ, जेई नहीं कर सकेंगे बिजली चोरी की जांच
लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी में शनिवार से बिजली विभाग में वर्टिकल प्रणाली लागू कर दी गई है। अब किसी भी इलाके के उपकेंद्र (सबस्टेशन) के कर्मी घरों या दुकानों में बिजली चोरी की जांच नहीं करेंगे। ये जिम्मेदारी वर्टिकल टीम को सौंपी गई है, जिसमें अधिशासी अभियंता (रेड) और पुलिस प्रवर्तन की संयुक्त टीम रहेगी।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एमवीवीएनएल) की एमडी रिया केजरीवाल ने कहा कि अब उपकेंद्र का एसडीओ, जेई या लाइनमैन बिजली चोरी की जांच करने आए तो उपभोक्ता तुरंत टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि वर्टिकल सिस्टम में उपभोक्ता को बड़ी राहत मिलेगी। इसमें प्रत्येक काम के लिए एक अलग अधिकारी जिम्मेदार होगा । न केवल उपभोक्ताओं पर अनावश्यक दबाव कम होगा बल्कि क्षेत्रीय कर्मियों का भी मनमाना हस्तक्षेप भी खत्म होगा। अब उपकेंद्रों के इंजीनियर और लाइन स्टाफ सिर्फ वही कार्य करेंगे जो उन्हें वर्टिकल सिस्टम में आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने अधीक्षण अभियंता (वाणिज्य) और अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) की नियुक्ति भी की है। लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई को सुनिश्चित किया जाएगा।
एमडी ने शनिवार को लखनऊ मध्य जोन के हुसैनगंज स्थित बिलिंग, कलेक्शन कार्यालय के अलावा अमौसी जोन का इंद्रलोक हाइडिल कॉलोनी अमौसी जोन का इंद्रलोक हाइडिल कॉलोनी,हुसैनगंज कॉल सेंटर, जानकीपुरम के पुरनिया,गोमतीनगर जोन के मंत्री आवास उपकेंद्र स्थित वर्टिकल कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अब बिजली चोरी पकड़ने का काम केवल वर्टिकल टीम करेगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या मनमानी पर कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी बताया कि शिकायत निस्तारण में देरी या लापरवाही करने वाले कर्मियों को दंडित किया जाएगा।
उपभोक्ताओं को मिलेगा फ़ीडबैक कॉल
एमडी ने कहा कि उपभोक्ता समस्या दर्ज कराने के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटें।वे सीधे क्षेत्रीय हेल्प डेस्क पर जाकर शिकायत दें।समाधान होने के बाद विभाग उपभोक्ता से रोज़ाना रेंडम कॉल कर फीडबैक लेगा, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि कार्य समय पर और सही ढंग से हुआ है। यदि उपभोक्ता की समस्या का समाधान संतोषजनक न मिले तो वे सीधे मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता से मिलकर अपनी बात रख सकते हैं। वर्टिकल कार्यालय उपभोक्ताओं के लिए हमेशा खुले रहेंगे।
