एसआईआर प्रक्रिया : शहर में BLO सुस्त...गांव में तेजी से हो रहा मतदाताओं का सत्यापन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। विधान सभा निर्वाचन की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में शहरी क्षेत्र में बीएलओ सुस्त हैं, जबकि गांवों में बीएलओ तेजी से लोगों को प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। अभी भी महानगर के कई हिस्सों में मतदाता बीएलओ की राह देख रहे हैं।

एसआईआर का कार्य 4 नवंबर से चल रहा है। दिसंबर तक चलने वाले इस कार्य में मतदाताओं का सत्यापन 2003 की विधानसभा सूची में नाम के आधार पर किया जा रहा है। कई मतदाताओं का नाम सूची में न होने पर उन्हें अपने माता-पिता का वोटर आईडी कार्ड का विवरण प्रपत्र में भरकर देना पड़ रहा है। लेकिन महानगर के कई मोहल्लों में आशियाना फेज दो के कई गलियों में रामगंगा विहार, खुशहालपुर, गोविंदनगर आदि में प्रपत्र लेकर बीएलओ के आने की राह मतदाता देख रहे हैं। वहीं 2003 की मतदाता सूची में नाम न होने पर मतदाताओं में नाम कटने का अंदेशा बना है। हालांकि इस कार्य के लिए जिले स्तर के अधिकारी ऐसा नहीं मानते हैं।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगीता गौतम ने माना कि महानगर क्षेत्र में नगर व मुरादाबाद ग्रामीण विस के मोहल्लों के कई हिस्सों में हो सकता है बीएलओ नहीं पहुंचे हों। उन्होंने कहा कि शहर में कई मोहल्ले काफी बड़े हैं तो कई नई कॉलोनियां विकसित हुई होंगी इसलिए थोड़ा समय भले लग रहा है लेकिन हर हाल में बीएलओ शत प्रतिशत मतदाताओं के घर पहुंचकर प्रपत्र वितरित करना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि अब तक 80 प्रतिशत प्रपत्र वितरण हो चुका है। उन्होंने बताया कि प्रपत्र भरने का काम दिसंबर तक चलेगा। ऐसे में हर हाल में बीएलओ सभी घरों को कवर कर लेंगे।

2003 की सूची में दर्ज परिजन का विवरण करें दर्ज
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि किसी मतदाता का नाम 2003 की सूची में नहीं है तो उन्हें इस सूची में दर्ज अपने पिता-माता या परिवार के अन्य किसी वरिष्ठ सदस्य का नाम हो तो उनके वोटर आईडी का विवरण दर्ज करें। यदि यह भी नहीं है तो मतदाताओं को केंद्रीय निर्वाचन आयोग द्वारा दिए जाने वाले वैकल्पिक पहचान पत्र का विवरण प्रपत्र में भरकर उसकी प्रति लगानी होगी। जिससे उनका सत्यापन किया जा सके। उन्होंने बताया कि बीएलओ के कार्य की मानीटरिंग रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भी तेज कर दिया है। वह स्वयं फील्ड में पहुंचकर कार्यों की मानीटरिंग कर रही हैं।

संबंधित समाचार