Mahadeva Mahotsav : वैदिक मंत्रों और जयघोष के बीच महादेवा महोत्सव का भव्य आगाज, कलश लेकर महादेव के दरबार पहुंचे डीएम
लोधेश्वर धाम जनपद का गौरव, सरकार ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में बना रही कॉरिडोर- डीएम
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। पौराणिक तीर्थ स्थल महादेवा में भगवान लोधेश्वर के प्राकट्योत्सव के अवसर पर पारंपरिक अगहनी मेला और महादेवा महोत्सव का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। परंपरा के अनुरूप जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी विश्व कल्याण द्वार पर कलश लेकर बैंड की धुन और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच मंदिर पहुंचे। इसके साथ ही सात दिनों तक चलने वाले अगहनी मेले की शुरुआत हो गई।
मंदिर पहुंचने पर पं. अनिल शास्त्री व आदित्य महाराज ने डीएम का अंगवस्त्र, नारियल व पुष्प भेंट कर स्वागत किया। पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच डीएम व सीडीओ अ. सुदन से लोधेश्वर महादेव का जल-दूध-दही-शहद-घी व फल-फूल से अभिषेक कराया। इस दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर से लेकर परिसर तक आकर्षक फूलमालाओं और रंग-बिरंगी रोशनी से सजावट की गई थी।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, पूर्व जिला अध्यक्ष शशांक कुसमेश, चेयरमैन रामशरण पाठक, ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, सीओ गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, एसएचओ अनिल कुमार पांडेय, बीडीओ जितेन्द्र कुमार और एडीओ अभय शुक्ला और महादेवा चौकी इंचार्ज अभिनंदन पांडेय तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना के पश्चात डीएम सांस्कृतिक मंच पहुंचे और दीप प्रज्वलित कर महादेवा महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महोत्सव को भव्य स्तर पर आयोजित करने का प्रयास किया गया है और आशा है कि अधिक से अधिक लोग मेले का आनंद उठाएंगे।

विश्व कल्याण द्वार पर एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड के बच्चों व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने पुष्प वर्षा कर डीएम का स्वागत किया। कांती महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई मनमोहक रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। इसके बाद डीएम ने सांस्कृतिक पाण्डाल में ‘बहार सुगम संगीत एकेडमी’ तथा कथक नृत्य कार्यक्रम का उद्घाटन किया। डीएम ने कहा कि लोधेश्वर धाम जनपद का गौरव है और सरकार इसे अपने ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में कॉरिडोर बनाकर विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है।
मेला परिसर में लगे विभिन्न स्टालों जिला उद्योग केंद्र के माटी कला, चिकनकारी, लेजिन आर्ट, खादी ग्रामोद्योग की गर्म कपड़ों की दुकान, देवा के मो. जीशान की चादर-रजाई, जिलानी समूह की चूड़ियां व खिलौने ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। स्वास्थ्य, बाल विकास, हथकरघा एवं अन्य विभागों के स्टाल भी लगाए गए हैं। मेला मैदान में छोटे-बड़े झूले, अमरनाथ गुफा दर्शनीय स्थल तथा मनोरंजन के अन्य साधनों का आनंद लेने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक उपस्थित रहे।

सुगम संगीत के सुरों से सजा महोत्सव, बच्चों की प्रस्तुति ने बांधा समां
महादेवा महोत्सव के सतरंगी मंच पर बहार सुगम संगीत एकेडमी के बच्चों ने भजनों व होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत एकेडमी के संयोजक प्रभात नारायण दीक्षित की रचना हे लंबोदर विकट मेंव, हे भालचंद्र तुम रक्षा करो गणेश वंदना से हुई, जिसने पूरे सभागार में आध्यात्मिक वातावरण बना दिया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने भोलेनाथ की होली रंग गयो मन मोरा और भोला के रंग में जैसे गीतों पर बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं, जिनकी दर्शकों ने जमकर सराहना की।

एकेडमी के छात्र श्री कंठ शुक्ला ने होली गीत पर मनभावन नृत्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम में संगीतकार अजीत द्विवेदी, सत्येंद्र दास, कार्तिकेय, कैलाश दीक्षित, सुधाकर सहित एकेडमी के अन्य विद्यार्थी शामिल रहे। कार्यक्रम के समापन पर पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने महोत्सव के पहले दिन को यादगार बना दिया और दर्शकों के चेहरे उत्साह से खिल उठे।
